Google ने अपने अगले फ्लैगशिप स्मार्टफोन Pixel 11 सीरीज की लॉन्चिंग से फैंस को खुश कर दिया है. दरअसल Pixel 11 Pro का नया टीजर जारी किया है, वहीं दूसरी तरफ Pixel 11 Pro Fold के हाई क्वालिटी रेंडर भी इंटरनेट पर लीक हो गए हैं. इन तस्वीरों से फोन का डिजाइन काफी हद तक सामने आ गया है. इसके साथ ही Pixel Watch 5 और नए Pixel Buds को लेकर भी कई जानकारियां सामने आ रही हैं. माना जा रहा है कि Google 12 अगस्त को होने वाले अपने Made by Google इवेंट में पूरी Pixel 11 सीरीज से पर्दा उठाएगा.
पिछले कुछ सालों में कंपनी ने Pixel स्मार्टफोन को AI फीचर्स की वजह से अलग पहचान दिलाई है. अब Pixel 11 सीरीज में भी इसी स्ट्रैटिजी को आगे बढ़ाया जाएगा. रिपोर्ट्स के मुताबिक, गूगल इस बार कई नए AI टूल्स और सॉफ्टवेयर फीचर्स पेश कर सकता है, जो फोटो एडिटिंग, लाइव ट्रांसलेशन, कॉलिंग और रोजमर्रा के इस्तेमाल को पहले से ज्यादा स्मार्ट बनाएंगे.
लीक हुई तस्वीरों को देखें तो Pixel 11 Pro Fold का डिजाइन पहली नजर में Pixel 10 Pro Fold जैसा ही लगता है. हालांकि ध्यान से देखने पर कैमरा मॉड्यूल में कुछ बदलाव नजर आते हैं. कैमरा बार को थोड़ा नया लुक दिया गया है और फोन पहले से थोड़ा पतला भी हो सकता है. गूगल इस बार एक नया ऑलिव ग्रीन या पाइन कलर भी ला सकता है.
Pixel 11 Pro के टीजर में भी गूगल ने डिजाइन की झलक दिखाई है. फोन का कैमरा बार पहले जैसा ही दिखता है, लेकिन कंपनी इस बार Pixel Glow नाम से एक नया डिजाइन एलिमेंट ला सकती है. अभी गूगल ने इसके बारे में कुछ नहीं बताया है, लेकिन माना जा रहा है कि लॉन्च इवेंट में इसकी पूरी जानकारी मिलेगी.
रिपोर्ट्स के मुताबिक Pixel 11 सीरीज में Pixel 11, Pixel 11 Pro, Pixel 11 Pro XL और Pixel 11 Pro Fold शामिल होंगे. इनके साथ Pixel Watch 5 और नए Pixel Buds भी लॉन्च किए जा सकते हैं. गूगल लगातार अपने पूरे पिक्सल इकोसिस्टम को मजबूत करने की कोशिश कर रहा है ताकि फोन, स्मार्टवॉच और ईयरबड्स एक साथ बेहतर एक्सपीरिएंस दे सकें.
हार्डवेयर की बात करें तो लीक में दावा किया गया है कि Pixel 11 सीरीज में नया Tensor G6 प्रोसेसर मिल सकता है. इसके साथ नया सिक्योरिटी चिप, बेहतर AI प्रोसेसिंग और पहले से तेज परफॉर्मेंस देखने को मिल सकती है. कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि गूगल इस बार बेस स्टोरेज को 256GB तक बढ़ा सकता है और पुराने मॉडेम की जगह नया MediaTek मॉडेम इस्तेमाल कर सकता है.
एक और बड़ी खबर कीमत को लेकर है. गूगल पहले ही संकेत दे चुका है कि इस बार Pixel 11 सीरीज महंगी हो सकती है. कंपनी का कहना है कि AI सर्वर और मेमोरी चिप्स की बढ़ती कीमतों की वजह से स्मार्टफोन बनाना पहले की तुलना में ज्यादा महंगा हो गया है. यही वजह है कि Pixel 11 सीरीज की कीमत पिछले साल के Pixel 10 मॉडल से ज्यादा हो सकती है.
दिलचस्प बात यह है कि गूगल लगातार अगस्त में अपने फ्लैगशिप फोन लॉन्च कर रहा है. इससे कंपनी को ऐपल के सितंबर iPhone लॉन्च से पहले बाजार में आने का मौका मिलता है. ऐसे में अगस्त का महीना स्मार्टफोन इंडस्ट्री के लिए काफी अहम रहने वाला है, क्योंकि गूगल और सैमसंग के बाद सभी की नजर ऐपल पर होगी. सैमसंग ने हाल ही में अपने तीन फोल्डेबल स्मार्टफोन्स लॉन्च किए हैं. इसके साथ ही कंपनी ने स्मार्ट वॉ़च भी पेश की है.