Airtel YouTube Premium Offer: YouTube पर वीडियो देखते समय बार-बार आने वाले विज्ञापनों से परेशान हैं? अगर आप Airtel का प्रीपेड सिम इस्तेमाल करते हैं, तो आपके लिए एक नया ऑफर आया है. Airtel ने अपने 200 रुपये वाले OTT टॉप-अप में अब YouTube Premium का फायदा भी जोड़ दिया है. यानी एक ही पैक में 30GB एक्स्ट्रा डेटा, YouTube पर बिना ऐड्स वीडियो देखने की सुविधा और कई OTT प्लेटफॉर्म का एक्सेस मिल सकता है. लेकिन रिचार्ज कराने से पहले इसकी कुछ जरूरी शर्तें समझ लेना बेहतर होगा.
₹200 में क्या-क्या मिलेगा?
Airtel ने YouTube के साथ पार्टनर्शिप की है, जिसके तहत प्रीपेड यूजर्स को अपने 200 रुपये वाले एंटरटेनमेंट टॉप-अप के साथ YouTube Premium का फायदा मिलेगा. इस पैक की वैलिडिटी 28 दिन है और इसमें 30GB एक्स्ट्रा डेटा भी मिलता है.
यह भी पढ़ें: Sim Binding Explained: फोन से निकला सिम तो WhatsApp नहीं चलेगा? समझें पूरा खेल क्या है
YouTube Premium के साथ यूजर्स वीडियो और Shorts बिना प्लेटफॉर्म पर दिखाए जाने वाले ऐड्स के देख सकते हैं. इसके अलावा, YouTube Music Premium, वीडियो को डाउनलोड करके ऑफलाइन देखने और दूसरे ऐप इस्तेमाल करते समय या फोन की स्क्रीन बंद होने पर भी वीडियो का ऑडियो सुनने जैसी सुविधाएं मिलती हैं.
इस पैक में YouTube के साथ Amazon Prime Video Mobile Edition, JioHotstar, ZEE5 Premium और SonyLIV जैसे मनोरंजन प्लेटफॉर्म का एक्सेस भी शामिल है.
Airtel के एंटरटेनमेंट ऑफर में 18 से ज्यादा अन्य OTT प्लेटफॉर्म भी शामिल हैं. हालांकि, हर प्लेटफॉर्म पर मिलने वाली सुविधा और सब्सक्रिप्शन का स्तर अलग हो सकता है. इसलिए रिचार्ज से पहले Airtel ऐप में इसकी शर्तें जरूर देख लें.
क्या ₹200 में पूरे महीने YouTube के विज्ञापनों से छुटकारा मिल जाएगा?
इस पैक के साथ मिलने वाला YouTube Premium ऐड्स फ्री वीडियो देखने की सुविधा देता है. लेकिन यहां एक बात समझना जरूरी है. यह YouTube Premium का अलग से खरीदा गया परमानेंट सब्सक्रिप्शन नहीं है. इसका फायदा Airtel के इस टॉप-अप की 28 दिन की वैलिडिटी के साथ जुड़ा है.
यह भी पढ़ें: eMudhra की बड़ी सुरक्षा चूक से हड़कंप, क्या खतरे में इंटरनेट यूजर्स का डेटा? जानिए
यानी पैक की की वैलिडिटी खत्म होने पर YouTube Premium का फायदा भी खत्म हो जाएगा. इसे आगे जारी रखने के लिए आपको दोबारा टॉप-अप खरीदना होगा और Airtel ऐप में जाकर इस सर्विस को क्लेम करना होगा. सिर्फ रिचार्ज करने से यह मानकर न चलें कि सब्सक्रिप्शन अपने आप आपके YouTube अकाउंट में ऐक्टिव हो गया है.
रिचार्ज करने से पहले यह शर्त जरूर जान लें
Airtel का 200 रुपये वाला पैक एक एक्स्ट्रा एंटरटेनमेंट टॉप-अप है, नॉर्मल प्रीपेड प्लान नहीं. इसका मतलब है कि आपके Airtel नंबर पर पहले से एक ऐक्टिव प्रीपेड प्लान होना चाहिए. यह टॉप-अप अपने आप कॉलिंग और SMS की सुविधा नहीं देता.
अगर आपका मेन रिचार्ज खत्म हो चुका है, तो सिर्फ 200 रुपये वाला पैक लेने से आपकी कॉलिंग और SMS सेवाएं चालू नहीं हो जाएंगी. यह पैक मुख्य रूप से एक्स्ट्रा डेटा और मनोरंजन की सुविधाएं देने के लिए है.
यह भी पढ़ें: फोन से SIM निकाली तो बंद हो जाएगा WhatsApp? 1 जनवरी से बदलने वाला है नियम, जानें किसे होगी परेशानी!
इसलिए अगर आप सिर्फ YouTube Premium चाहते हैं और बाकी OTT प्लेटफॉर्म या एक्स्ट्रा डेटा आपके काम के नहीं हैं, तो रिचार्ज करने से पहले दूसरे विकल्पों से इसकी तुलना कर लें.
Airtel ऐप से YouTube Premium कैसे एक्टिवेट करें?
इस ऑफर का फायदा लेने के लिए पहले अपने Airtel प्रीपेड नंबर पर 200 रुपये वाला OTT टॉप-अप रिचार्ज करें. इसके बाद Airtel ऐप खोलें और 'Rewards & OTTs' सेक्शन में जाएं. वहां YouTube Premium का विकल्प दिखने पर उसे चुनें और स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों के मुताबिक क्लेम प्रोसेस पूरा करें. क्लेम करते समय सही Google या YouTube अकाउंट चुनें, क्योंकि सब्सक्रिप्शन उसी अकाउंट से जुड़ सकता है.