3 जून 2026 की सुबह 9:45 बजे दिल्ली फायर सर्विस को एक इमरजेंसी कॉल मिली. इसके बाद 10 दमकल गाड़ियां मालवीय नगर के एक रेस्टोरेंट के पास पहुंचीं, जहां भीषण आग लगी हुई थी. इस हादसे में 20 लोगों की जान चली गई और 37 लोग गंभीर रूप से झुलस गए.
आम तौर पर हर साल गर्मियों में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं. इस बार भी ऐसा ही हो रहा है, लेकिन इसे रोकने के लिए कुछ खास कदम उठते हुए नहीं दिख रहे हैं. ऐसे में आपके लिए जरूरी है कि आप भी कुछ सेफ्टी के सामान घर पर रखें ताकि आग लगने की स्थिति में खुद का बचाव किया जा सके.
आइए जानते हैं कुछ ऐसे गैजेट्स के बारे में, जो ऐसी आपात स्थितियों में आपकी जान बचाने में मदद कर सकते हैं.
जानिए कौन-से गैजेट्स रखना है जरूरी?
स्मोक डिटेक्टर्स
अपने घर में स्मोक डिटेक्टर्स जरूर लगा कर रखें. ये डिवाइस आग लगते आपको सायरन के जरिए अगाह कर देता है. आपको स्केप करने का समय मिल जाएगा और जानमाल के नुकसान से बच सकते हैं.
इमरजेंसी फायर एस्केप मास्क
ऐसी दुर्घटनाओं के दौरान अपनी और परिवार की सेफ्टी के लिए घर में एक इमरजेंसी फायर एस्केप मास्क जरूर रखें. आग में फंसे ज्यादातर लोगों की मौत आग से नहीं, बल्कि जहरीले धुएं के कारण होती है.
यह मास्क आपको हानिकारक धुएं से बचाने में मदद करता है और साथ ही बेहतर विजन भी देता है, जिससे धुएं के बीच सेफ रास्ता ढूंढना आसान हो जाता है.
फायर ब्लैंकेट
आग लगने पर सबसे बड़ा खतरा उसकी तेज गर्मी से होता है. कुछ ही सेकंड का संपर्क शरीर को गंभीर रूप से झुलसा सकता है. कई बार लोग आग में फंस जाने के बाद हिल-डुल भी नहीं पाते और मदद का इंतजार करते हुए अपनी जान गंवा देते हैं.
ऐसी सिचुएशन में फायर ब्लैंकेट काफी मददगार साबित हो सकता है. यह खास फायर रेसिस्टेंट मटेरियल से बना होता है और लगभग 500 से 700 डिग्री सेल्सियस तक का तापमान सह सकता है. इसे शरीर पर लपेटकर आप आग और गर्मी से काफी हद तक बचाव कर सकते हैं.
इमरजेंसी एस्केप लैडर
मालवीय नगर हादसे में लोगों ने जान बचाने के लिए बिल्डिंग के नीचे गद्दे बिछाए थे. लेकिन ऊंची बिल्डिंग से कूदना बेहद खतरनाक हो सकता है और इससे गंभीर चोट या मौत भी हो सकती है.
ऐसी सिचुएशन में इमरजेंसी एस्केप लैडर बहुत काम का है. इसे खिड़की या छत से नीचे लटकाकर लोग सुरक्षित तरीके से नीचे उतर सकते हैं और आग से बच सकते हैं.
ऑटोमैटिक फायर एक्सटिंग्विशिंग बॉल
पुराने फायर एक्सटिंग्विशर को हाथ से चलाना पड़ता है, लेकिन ऑटोमैटिक फायर एक्सटिंग्विशिंग बॉल अपने आप काम करती है. यदि इसके आसपास आग लगती है, तो यह अपने आप एक्टिव होकर फट जाती है और आग बुझाने वाले केमिकल या गैस को फैलाती है. इससे शुरुआ में ही आग पर काबू पाया जा सकता है और बड़े हादसे को रोका जा सकता है.
ये कुछ ऐसे गैजेट्स हैं, जिनकी मदद से आग जैसी इमरजेंसी स्थिति में लोगों की जान बचाई जा सकती है. फायर सेफ्टी गैजेट्स केवल बड़े ऑफिस या फैक्ट्री के लिए ही नहीं, बल्कि हर घर और ऑफिस के लिए भी जरूरी हैं. सही समय पर सही गैजेट्स मौजूद होने से एक बड़ा हादसा टल सकता है और कई लोगों की जान बचाई जा सकती है.