हाल ही में संपन्न हुई एशेज श्रृंखला में ऑस्ट्रेलिया को मात देने के बाद ओवल स्टेडियम की पिच पर पेशाब कर जश्न मनाने के लिए इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने बुधवार को माफी मांग ली. ऑस्ट्रेलियाई पत्रकार द्वारा मामले का खुलासा किए जाने के बाद इंग्लैंड के खिलाड़ियों को माफी मांगनी पड़ी है.
इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) की वेबसाइट के अनुसार, 'इंग्लैंड क्रिकेट टीम यह कहना चाहती है कि एशेज जीतने का जश्न मनाने के दौरान हमारा सरे काउंटी क्रिकेट क्लब, ओवल स्टेडियम या खेल से जुड़े अन्य किसी का भी अनादर करने का कोई मंतव्य नहीं था.'
वेबसाइट पर आगे कहा गया है, 'अगर इससे किसी के सम्मान को किसी प्रकार की क्षति पहुंचती है तो हम उसके लिए माफी मांगते हैं.'