Neeraj Chopra: टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड जीतने वाले भाला फेंक (Javelin throw) खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने इस बार वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप (World Athletics Championships) में इतिहास रच दिया है. उन्होंने चैम्पियनशिप के इतिहास में देश को दूसरा मेडल दिलाया है.
भारत ने वर्ल्ड चैम्पियनशिप में अपना पहला मेडल 2003 में लॉन्ग जंप में जीता था. उसके बाद से देश को वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में अपने दूसरे पदक का इंतजार था, जो आज नीरज चोपड़ा ने पूरा किया है. हालांकि नीरज गोल्ड से चूक गए, लेकिन उन्होंने सिल्वर पर निशाना साधा है.
अंजु बॉबी जॉर्ज ने दिलाया था पहला मेडल
दरअसल, भारत ने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के इतिहास में जो एक मेडल जीता है, वह भारत की स्टार एथलीट रहीं अंजू बॉबी जॉर्ज ने दिलाया था. उन्होंने 2003 में महिलाओं की लॉन्ग जंप में ब्रॉन्ज मेडल जीता था. इस बार अमेरिका में हुई चैम्पियनशिप ओरेगन 2022 में भारत ने अपने बेहतरीन ट्रैक एंड फील्ड स्टार मैदान में उतारे हैं. भारत से कुल 22 एथलीट, जिसमें 18 पुरुष और 4 महिला एथलीट शामिल हुए.
तीन फाउल की वजह से नीरज गोल्ड से चूके
ओलंपिक के गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा का वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के फाइनल में ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स (Anderson Peters) से मुकाबला था. इसमें नीरज ने 88.13 मीटर दूर भाला फेंककर सिल्वर मेडल पर निशाना साधा, जबकि पीटर्स ने अपने शुरुआती दो थ्रो लगातार 90 से ज्यादा मीटर तक किए. इसी के साथ उन्होंने फाइनल में 90.54 के बेस्ट थ्रो के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया.
Check out the throw that won his historic Silver 🥈 at C'ships
— SAI Media (@Media_SAI)
Our Champ just nows when its a good throw 😁😇 and the Roar🔥
नीरज को तीन थ्रो फाउल रहे थे. इसमें पहला और आखिरी के दो थ्रो थे. यही वजह रही कि नीरज गोल्ड से चूक गए. नीरज ने सिर्फ तीन थ्रो के बदौलत ही सिल्वर मेडल जीत लिया. फाइनल में नीरज ने अपने तीन सफल थ्रो में 82.39 मीटर, 86.37 और 88.13 मीटर दूर भाला फेंका.
नीरज के तीन थ्रो फाउल रहे
पहला थ्रो- फाउल
दूसरा थ्रो- 82.39 मीटर
तीसरा थ्रो- 86.37 मीटर
चौथा थ्रो- 88.13 मीटर
पांचवा थ्रो- फाउल
छठा थ्रो- फाउल