scorecardresearch
 

सारा को कैंसर हुआ तो हिल गया क्रिकेटर का संसार, 8 महीने तक परिवार ने झेला दर्द!

पत्नी सारा के ल्यूकेमिया से संघर्ष ने न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर की जिंदगी बदल दी. आठ महीने तक चले इलाज के बाद सारा अब रिमिशन में हैं. टिकनर का कहना है कि इस मुश्किल दौर ने उन्हें समझाया कि क्रिकेट से कहीं ज्यादा अहम परिवार और जिंदगी है. अब वह प्रदर्शन के दबाव के बजाय खेल का आनंद लेना चाहते हैं.

Advertisement
X
8 महीने पत्नी के साथ अस्पताल में गुजारे, अब क्रिकेट को लेकर बदला नजरिया! (Photo: AFP)
8 महीने पत्नी के साथ अस्पताल में गुजारे, अब क्रिकेट को लेकर बदला नजरिया! (Photo: AFP)

क्रिकेट के मैदान पर विरोधी बल्लेबाजों के सामने गेंद से चुनौती पेश करने वाले न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर ने जिंदगी में एक ऐसा मुश्किल दौर देखा, जिसने उन्हें अंदर तक बदल दिया. अप्रैल 2024 में उनकी पत्नी सारा को ल्यूकेमिया (ब्लड कैंसर) होने का पता चला. इसके बाद करीब आठ महीने तक उनका इलाज चला. इस दौरान टिकनर और उनका परिवार जिस मानसिक संघर्ष से गुजरा, उसने इस तेज गेंदबाज का क्रिकेट और जिंदगी को देखने का नजरिया ही बदल दिया.

भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले से पहले टिकनर ने अपने उस मुश्किल दौर को याद किया. 33 साल के इस गेंदबाज ने बताया कि करियर के शुरुआती दिनों में वह प्रदर्शन को लेकर काफी दबाव महसूस करते थे, लेकिन पत्नी की बीमारी ने उन्हें जिंदगी की असली प्राथमिकता समझा दी.

क्रिसमस की पूर्व संध्या पर मिली सबसे बड़ी राहत

टिकनर की पत्नी सारा को अप्रैल 2024 में ल्यूकेमिया का पता चला था. इसके बाद उन्हें करीब आठ महीने तक कैंसर का इलाज कराना पड़ा. परिवार के लिए यह बेहद कठिन समय था. हालांकि, 2024 में क्रिसमस की पूर्व संध्या पर सारा को अस्पताल से छुट्टी मिल गई. इसके बाद से उनकी हालत में सुधार है और कैंसर फिलहाल नियंत्रण में है.

टिकनर ने कहा, 'मेरी जिंदगी में काफी उतार-चढ़ाव आए हैं. इस पूरे दौर में सारा और मेरा परिवार मेरे साथ खड़ा रहा, यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात है. अब मैं अपने क्रिकेट का आनंद लेने की कोशिश करता हूं और पहले से ज्यादा खुद जैसा महसूस करता हूं.'

Advertisement
Mr and Mrs Ticks .jpg
Mr and Mrs Ticks (Instagram/sarahmarie_tickner)

भारत-NZ दूसरे वनडे पर बारिश का 'अटैक', मैच से पहले ही बिगड़ा मौसम का मिजाज 

... अब क्रिकेट का आनंद लेना चाहते हैं

न्यूजीलैंड के इस तेज गेंदबाज ने स्वीकार किया कि करियर की शुरुआत में वह प्रदर्शन को लेकर काफी दबाव में रहते थे. लेकिन पत्नी के कैंसर के इलाज के दौरान जिंदगी को लेकर उनकी सोच बदल गई.

उन्होंने कहा, 'मेरे करियर के अलग-अलग दौर रहे हैं. शुरुआत में मैं काफी दबाव महसूस करता था. फिर जब सारा का कैंसर का इलाज चल रहा था, वह समय बहुत मुश्किल था. अब मैं अपने करियर के अंतिम पड़ाव की ओर हूं और बस क्रिकेट का मजा लेना चाहता हूं. मैं मैदान पर खुद को खुलकर जाहिर करना चाहता हूं.'

'क्रिकेट से कहीं ज्यादा बड़ी है जिंदगी'

टिकनर ने यह भी साफ किया कि पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने समझा है कि क्रिकेट उनके लिए अहम जरूर है, लेकिन जिंदगी में सबसे महत्वपूर्ण चीज नहीं है. उनकी एक बेटी भी है और अब उनके लिए परिवार के साथ बिताए जाने वाले पल सबसे ज्यादा मायने रखते हैं.

उन्होंने कहा, 'मैं मैदान पर चेहरे पर मुस्कान के साथ खेलना चाहता हूं. जाहिर है, क्रिकेट से कहीं ज्यादा चीजें जिंदगी में हैं. क्रिकेट ने मुझे बहुत कुछ दिया है, लेकिन दिन के आखिर में मैं अपनी बेटी और पत्नी के पास घर लौटने वाला हूं. मैं खुद को बहुत खुशकिस्मत मानता हूं. इसलिए क्रिकेट मेरे लिए इन सबसे थोड़ा कम अहम है.'

Advertisement

सिराज IN, ये स्टार OUT... वेलिंगटन वनडे में बदलेगी टीम इंडिया की प्लेइंग-11, न्यूजीलैंड का क्या है गेमप्लान

भारत के खिलाफ वनडे सीरीज का हिस्सा हैं टिकनर

ब्लेयर टिकनर ने 2019 में न्यूजीलैंड के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था. इसके बाद 2022 में उन्हें वनडे और 2023 में टेस्ट टीम में जगह मिली. भारत के खिलाफ मौजूदा घरेलू वनडे सीरीज के लिए भी वह न्यूजीलैंड टीम का हिस्सा हैं. 

भारत ने बारिश से प्रभावित पहले वनडे में न्यूजीलैंड को पांच विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है. अब दोनों टीमें दूसरे वनडे में आमने-सामने हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement