इंदौर टेस्ट मैच में कप्तान विराट कोहली की 'विराट' पारी ने न्यूजीलैंड को पूरी तरह से बैकफुट पर धकेल दिया है. कोहली ने बड़े ही शाही अंदाज में टेस्ट क्रिकेट का अपना दूसरा दोहरा शतक पूरा किया. उन्होंने 211 रन की शानदार पारी खेली.इसके साथ ही वो दो दोहरे शतक लगाने वाले भारत के पहले कप्तान बन गए हैं. कोहली ने अपना पहला दोहरा शतक वेस्टइंडीज के खिलाफ लगाया था. उन्होंने बेहतरीन 200 रनों की पारी खेली थी.
'विराट' बल्ले का कमाल एक बार पूरी दुनिया ने देखा. कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ मैदान पर हर कौने पर शानदार शॉट्स खेले और कीवी गेंदबाजों की जमकर खबर ली. इंदौर टेस्ट मैच के पहले दिन वो 103 रन बनाकर नॉटआउट रहे थे. लेकिन दूसरे दिन भी उन्होंने पूरे फोकस के साथ बल्लेबाजी की और अपने करियर का दूसरा दोहरा शतक जड़ा.ये कारनामा करने वाले वो पहले भारतीय कप्तान बन गए हैं.
टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने टेस्ट मैच में अपना पहला दोहरा शतक एंटीगुआ में वेस्टइंडीज के खिलाफ लगाया था. उन्होंने उस मुकाबले में 281 गेंदों का सामना किया और बेहतरीन 200 रनों की पारी खेली थी.
भारत की तरफ से एक कप्तान के दौर पर सबसे पहले नवाब पटौदी ने इंग्लैंड के खिलाफ दोहरा शतक लगाया था. उन्होंने साल 1964 में 203 रन की नॉटआउट पारी खेली थी. ये उनकी यादगार पारियों में शामिल है.
लिटिल मास्टर सुनील मनोहर गावस्कर ने एक कप्तान के तौर पर वेस्टइंडीज के
खिलाफ मुंबई में 205 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी. ये मुकाबला भी ड्रॉ रहा था.
कप्तान के तौर पर सचिन तेंदुलकर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 1999 में अहमदाबाद में 217 रनों की शानदार पारी खेली थी. सचिन ने इस शानदार पारी 29 चौके लगाए थे. हालांकि ये मुकाबला ड्रॉ रहा था. लेकिन सचिन की ये एक बेहद यादगार पारियों में से एक थी.
महेंद्र सिंह धोनी ने टेस्ट कप्तान के तौर पर अपना दोहरा टेस्ट शतक साल 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चेन्नई में लगाया था. उस मुकाबले में उन्होंने बेहतरीन 244 रनों की पारी खेली थी. जिसमें धोनी ने 24 चौके और छह छक्के जड़े थे. भारत ने इस मुकाबले को आठ विकेट से जीता था.
वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ब्रायन लारा ने एक कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा पांच दोहरे शतक जड़े हैं. इसके बाद नंबर आता है, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान सर डॉन ब्रैडमैन, माइकल क्लार्क और साउथ अफ्रीका के पूर्व ग्रेम स्मिथ का. उन्होंने अपनी कप्तानी में चार बार 200 रनों का आंकड़ा पार किया है. इसके अलावा न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग और ऑस्ट्रेलिया के ग्रेग चैपल ने अपनी कप्तानी में तीन बार दोहरा शतक लगाया है.