भारतीय टीम के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. टीम के भरोसेमंद फिनिशर रिंकू सिंह (Rinku Singh) आज (25 फरवरी) शाम तक दोबारा टीम कैंप से जुड़ सकते हैं. यह जानकारी टीम मैनेजमेंट की ओर से दी गई, टीम इंडिया के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक (Sitanshu Kotak) ने उनके लौटने की पुष्टि की.
कोटक ने कहा- रिंकू सिंह बुधवार शाम वापस आ रहे हैं. उनके पिता की तबीयत ठीक नहीं थी, इसलिए उन्हें घर जाना पड़ा. उम्मीद है कि वह आज हमसे जुड़ जाएंगे.
रिंकू पारिवारिक कारणों से टीम से अलग हुए थे, क्योंकि उनके पिता अस्वस्थ थे. इस दौरान खिलाड़ी परिवार के साथ रहे. अब स्थिति संभलने के बाद वह फिर से राष्ट्रीय जिम्मेदारी निभाने के लिए लौट रहे हैं.
टीम मैनेजमेंट को उम्मीद है कि रिंकू जल्द ही अभ्यास सत्र में शामिल होकर अपनी लय हासिल कर लेंगे. मध्यक्रम में उनकी भूमिका बेहद अहम मानी जाती है, खासकर मैच के अंतिम ओवरों में तेज रन बनाने की क्षमता के कारण.
हालांकि रिंकू सिंह का मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में बल्ला खामोश रहा है, वह अपने बल्ले से पुराना 'मिडास टच' दिखाने में नाकाम रहे हैं.
रिंकू को लेकर कोटक ने क्या कहा?
कोच कोटक ने रिंकू सिंह की गैरमौजूदगी पर सफाई देते हुए कहा कि यह क्रिकेट से जुड़ा कोई मामला नहीं है, बल्कि निजी कारण था. उन्होंने बताया कि रिंकू के पिता की तबीयत ठीक नहीं थी, इसलिए उन्हें घर वापस जाना पड़ा. कोच ने कहा कि रिंकू इसी शाम (25 फरवरी) टीम से दोबारा जुड़ने वाले हैं और उम्मीद है कि वे शाम तक लौट आएंगे. यानी टीम मैनेजमेंट के मुताबिक यह सिर्फ अस्थायी अनुपस्थिति थी और रिंकू जल्द ही उपलब्ध रहेंगे.
टी20 वर्ल्ड कप में अब तक रिंकू का प्रदर्शन कैसा रहा?
इस टी20 वर्ल्ड कप में रिंकू सिंह ने टीम इंडिया के सभी मुकाबलों में हिस्सा लिया है, लेकिन बल्लेबाजी क्रम में नीचे होने की वजह से उन्हें ज्यादा गेंदें खेलने का मौका नहीं मिला. अमेरिका और नामीबिया के खिलाफ वह सिंगल डिजिट पर आउट हो गए. पाकिस्तान के खिलाफ जरूर उन्होंने 4 गेंदों में नाबाद 11 रन बनाकर तेज कैमियो दिखाया. नीदरलैंड्स के खिलाफ 3 गेंदों पर 6 रन जोड़े, जबकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो गेंद खेलकर खाता भी नहीं खोल सके.
जिम्बाब्वे के खिलाफ कैसे हैं रिंकू के आंकड़े
वहीं जिम्बाब्वे टीम के खिलाफ रिंकू का प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा है. उन्होंने अब तक 5 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिनकी 4 पारियों में से 3 बार नाबाद लौटे. इस दौरान उन्होंने 176.47 के शानदार स्ट्राइक रेट से कुल 60 रन बनाए. साल 2024 में हरारे में खेली गई नाबाद 48 रन की उनकी मैच जिताऊ पारी इस रिकॉर्ड की सबसे खास झलक मानी जाती है.