इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच नंबर-10 में रविवार (5 अप्रैल) को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) से हुआ. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया. मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 5 विकेट से जीत हासिल की.
लखनऊ सुपर जायंट्स को जीत के लिए 157 रनों का टारगेट मिला था, जिसे उसने 1 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया. लखनऊ के लिए कप्तान ऋषभ पंत ने 50 गेंदों पर नाबाद 68 रन बनाए, जिसमें 9 चौके शामिल रहे. आखिरी ओवर में लखनऊ को जीत के लिए 9 रन बनाने थे. पंत ने उस ओवर में तीन चौके जड़े और मैच फिनिश किया.
लखनऊ सुपर जायंट्स की ये मौजूदा सीजन में पहली जीत रही. लखनऊ की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और उसे पहले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के हाथों 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था. वहीं सनराइजर्स हैदराबाद ने भी शुरुआती मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ 6 विकेट से गंवाया था. फिर उसने शानदार वापसी करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 65 रनों से पराजित किया था.
मार्करम ने भी किया बल्ले से कमाल
रनचेज में लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत उतनी अच्छी नहीं रही. ईशान मलिंगा ने मिचेल मार्श को सिर्फ 14 रनों के निजी स्कोर पर चलता किया. एडेन मार्करम ने कुछ बड़े शॉट्स लगाकर लखनऊ की इनिंग्स को मोमेंटम प्रदान किया. मार्करम ने 27 गेंदों का सामना करते हुए 45 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. मार्करम को स्पिनर शिवांग कुमार ने अपनी फिरकी में फंसाया.
इम्पैक्ट सब के तौर पर आयुष बदोनी ने सिर्फ 12 रन बनाए, वहीं निकोलस पूरन सिर्फ 1 रन बनाकर रन आउट हो गए. पूरन के आउट होने के समय लखनऊ सुपर जायंट्स का स्कोर 105/4 था. यहां से अब्दुल समद और ऋषभ पंत के बीच 34 रनों की साझेदारी हुई, जिसने टीम को जीत के करीब पहुंचाया. अब्दुल समद 16 रन बनाकर हर्ष दुबे का शिकार बने. समद के आउट होने के बाद ऋषभ पंत ने अपने कंधे पर पूरी जिम्मेदारी ली.
ऐसी रही सनराइजर्स हैदराबाद की पारी
सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने सलामी बल्लेबाजों अभिषेक शर्मा (0 रन) और ट्रेविस हेड (7 रन) के विकेट जल्द खो दिए. अभिषेक और हेड दोनों को मोहम्मद शमी ने आउट किया. कप्तान ईशान किशन ने भी निराश किया और वो सिर्फ 1 रनों के निजी स्कोर पर बोल्ड हो गए. ईशान का विकेट प्रिंस यादव ने झटका. ईशान के आउट होने के समय सनराइजर्स हैदराबाद का स्कोर 11/3 था.
यह भी पढ़ें: 10 करोड़ का ट्रेड पड़ा उल्टा... मोहम्मद शमी ने अपनी पुरानी टीम को घर में किया तबाह
इंग्लिश ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन भी बल्ले से कुछ नहीं कर पाए और सिर्फ 14 रनों के निजी स्कोर पर स्पिनर दिग्वेश राठी का शिकार बने. 26 रनों पर चार विकेट गिरने के बाद हेनरिक क्लासेन और नीतीश कुमा रेड्डी ने 116 रनों की साझेदारी कर हैदराबाद को संभाला. नीतीश ने 5 छक्के और तीन चौके की मदद से 33 गेंदों पर 56 रन बनाए. नीतीश का विकेट मणिमारन सिद्धार्थ ने लिया.
इसके बाद आवेश खान ने लगातार गेंदों पर हेनरिक क्लासेन और हर्ष दुबे को आउट कर सनराइजर्स हैदराबाद की रफ्तार पर ब्रेक लगाया. क्लासेन ने 41 गेंदों पर 62 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और दो छक्के शामिल रहे. वहीं हर्ष का खाता नहीं खुला. फिर आखिरी ओवर में सनराइजर्स हैदराबाद ने शिवांग कुमार (5 रन) और हर्षल पटेल (4 रन) के विकेट गंवाए. लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और आवेश खान ने दो-दो विकेट झटके.
इंडियन प्रीमियर लीग में सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच अब तक 7 मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान लखनऊ सुपर जायंट्स ने पांच मैचों में जीत हासिल की. जबकि सनराइजर्स हैदराबाद को दो मैचों में सफलता मिली. पिछले सीजन में दोनों टीमों के बीच दो मुकाबले खेले गए थे, जिसमें स्कोर 1-1 से बराबर रहा था.
हैदराबाद vs लखनऊ H2H
कुल IPL मैच: 7
लखनऊ ने जीते: 5
हैदराबाद ने जीते: 2
सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग-11: ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर/कप्तान), हेनरिक क्लासेन, लियाम लिविंगस्टोन, अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, हर्षल पटेल और जयदेव उनादकट.
इम्पैक्ट सब: ईशान मलिंगा
लखनऊ सुपर जायंट्स की प्लेइंग-11: मिचेल मार्श, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), एडेन मार्करम, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, मणिमारन सिद्धार्थ, आवेश खान, मोहम्मद शमी, दिग्वेश सिंह राठी और प्रिंस यादव.
इम्पैक्ट सब: आयुष बदोनी