scorecardresearch
 

शुभमन गिल ने की विराट कोहली की बराबरी, कप्तानी में भी लिखी नई कहानी

अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में शुभमन गिल कमाल का प्रदर्शन कर रहे हैं. गिल ने लखनऊ वनडे में शानदार 154 रन बनाए. गिल ने एक खास मामले में विराट कोहली जैसे दिग्गज की बराबरी कर यह भी बता दिया कि वह बड़े मंच के खिलाड़ी हैं.

Advertisement
X
शुभमन गिल ने लखनऊ ODI में जबरदस्त प्रदर्शन किया. (Photo: PTI
शुभमन गिल ने लखनऊ ODI में जबरदस्त प्रदर्शन किया. (Photo: PTI

भारतीय टीम ने बुधवार (17 जून) को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में अफगानिस्तान के खिलाफ ऐसा दमदार प्रदर्शन किया, जिसने मेहमान टीम को पूरी तरह बेबस कर दिया. कप्तान शुभमन गिल की करिश्माई शतकीय पारी और ईशान किशन के तूफानी शतक के दम पर भारत ने वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में अफगानिस्तान को 170 रन से रौंदते हुए तीन मैचों की सीरीज पर कब्जा जमा लिया.

यह बतौर वनडे कप्तान शुभमन गिल की पहली द्विपक्षीय सीरीज जीत रही. गिल की अगुवाई में भारतीय टीम ने सिर्फ मैच नहीं जीता, बल्कि अफगानिस्तान को हर विभाग में मात देकर अपना दबदबा भी साबित किया. बल्लेबाजी से लेकर गेंदबाजी और फील्डिंग तक, भारत ने ऐसा प्रदर्शन किया जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा.

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को रोहित शर्मा (48 रन) ने तेज शुरुआत दिलाई. इसके बाद जो हुआ, उसने अफगानिस्तान की पूरी रणनीति ध्वस्त कर दी. कप्तान शुभमन गिल और ईशान किशन ने तीसरे विकेट के लिए 224 रन जोड़कर रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया. दोनों बल्लेबाजों ने मैदान के चारों ओर शॉट्स की बारिश की और अफगान गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया.

Advertisement

शुभमन गिल ने 110 गेंदों पर 154 रनों की कप्तानी पारी खेली. उनकी पारी में क्लास और आक्रामकता का शानदार मिश्रण देखने को मिला. दूसरी ओर ईशान किशन ने सिर्फ 79 गेंदों पर 125 रन ठोककर मैच को पूरी तरह भारत के पक्ष में झुका दिया. दोनों बल्लेबाजों की धमाकेदार बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने 49.5 ओवर में 402 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया, जो अफगानिस्तान के लिए पहाड़ जैसा लक्ष्य साबित हुआ.

403 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखाई दी. रहमत शाह ने 79 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे. भारतीय गेंदबाजों ने मेहमान टीम को कभी वापसी का मौका नहीं दिया. गुरनूर बरार ने तीन विकेट लेकर अफगान बल्लेबाजी की रीढ़ तोड़ दी, जबकि डेब्यू मैच खेल रहे प्रिंस यादव ने भी शानदार गेंदबाजी कर प्रभावित किया. अंततः अफगानिस्तान की पूरी टीम 44.3 ओवर्स में 232 रनों पर सिमट गई और भारत ने 170 रनों की विशाल जीत दर्ज की.

इस मुकाबले में 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुने गए शुभमन गिल ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली. जनवरी 2022 से लेकर अब तक ओडीआई क्रिकेट में उनके नाम अब 9 'प्लेयर ऑफ द मैच' अवॉर्ड हो गए हैं. इस मामले में उन्होंने विराट कोहली की बराबरी कर ली है. इस अवधि में दोनों खिलाड़ियों ने सबसे ज्यादा बार वनडे इंटरनेशनल में 'प्लेयर ऑफ द मैच' पुरस्कार जीता है. यह आंकड़ा बताता है कि गिल सिर्फ रन ही नहीं बना रहे, बल्कि लगातार मैच जिताने वाले खिलाड़ी भी बन चुके हैं.

Advertisement

जनवरी 2022 से ODI में सर्वाधिक POTM अवॉर्ड
9 विराट कोहली/शुभमन गिल
8 शाई होप/ट्रेविस हेड
7 कुसल मेंडिस/चरिथ असलंका/ब्रैंडन मैकमुलेन

भारत के खिलाफ मिली 170 रनों की हार अफगानिस्तान के वनडे इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी हार बन गई. इससे पहले उसे 2015 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 275 रनों से हार का सामना करना पड़ा था. इतना ही नहीं, यह अफगानिस्तान की छह द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीत में पहली हार भी रही. यानी भारत ने सिर्फ सीरीज नहीं जीती, बल्कि अफगानिस्तान के शानदार रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया.

ODI में अफगानिस्तान की सबसे बड़ी हार (रनों से)
275 बनाम ऑस्ट्रेलिया पर्थ 2015
170 बनाम भारत लखनऊ 2026
155 बनाम श्रीलंका पल्लेकेल 2024
154 बनाम जिम्बाब्वे शारजाह 2018
150 बनाम स्कॉटलैंड अबू धाबी 2015
150 बनाम इंग्लैंड मैनचेस्टर 2019

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement