IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) 2027 से पहले मुंबई इंडियंस (MI) में बड़ी हलचल देखने को मिली है. श्रीलंका के पूर्व कप्तान महेला जयवर्धने ने टीम के हेड कोच का पद छोड़ दिया है. मुंबई इंडियंस ने 17 अक्टूबर (शनिवार) को आधिकारिक बयान जारी कर इसकी पुष्टि की. जयवर्धने के नेतृत्व में टीम ने तीन बार आईपीएल खिताब जीता और वह फ्रेंचाइजी के सबसे सफल कोचों में शामिल रहे.
महेला जयवर्धने का मुंबई इंडियंस संग करीब एक दशक का जुड़ाव रहा. वह पहली बार 2017 में टीम के हेड कोच बने और 2022 तक इस भूमिका में रहे. इसके बाद 2024 में उन्होंने फिर से जिम्मेदारी संभाली और 2026 तक टीम के साथ काम किया. उनके कार्यकाल में अनुशासन, टीमवर्क और खिलाड़ियों के बीच बेहतर तालमेल पर खास जोर रहा.
मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता मुकेश अंबानी ने महेला जयवर्धने के योगदान की सराहना की. उन्होंने कहा कि जयवर्धने का शांत नेतृत्व, ईमानदारी और खेल के प्रति समर्पण फ्रेंचाइजी के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहा है. नीता ने कहा, 'महेला ने वर्षों तक मुंबई इंडियंस के लिए अहम योगदान दिया है. उनके नेतृत्व और प्रतिबद्धता के लिए हम उनके आभारी हैं. हमने साथ मिलकर जो सफर तय किया और जो यादें बनाई हैं, उन्हें हमेशा संजोकर रखेंगे. महेला हमेशा हमारे वन फैमिली का हिस्सा रहेंगे.'
भावुक हुए महेला जयवर्धने
पद छोड़ने के बाद श्रीलंकाई दिग्गज महेला जयवर्धने काफी भावुक हो गए. जयवर्धने ने मुंबई इंडियंस के खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और प्रशंसकों का धन्यवाद किया. उन्होंने नीता अंबानी और आकाश अंबानी के भरोसे, सहयोग एवं दोस्ती को भी अपने सफर का अहम हिस्सा बताया.
महेला जयवर्धने ने कहा कि फ्रेंचाइजी के साथ उन्होंने कई यादगार पल साझा किए, मुश्किलों का सामना किया और ऐसी उपलब्धियां हासिल कीं, जिन पर सभी को गर्व हो सकता है. उन्होंने टीम को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुंबई इंडियंस हमेशा उनके दिल में खास जगह रखेगी.
2022 में महेला जयवर्धने को मुंबई इंडियंस का ग्लोबल हेड ऑफ परफॉर्मेंस बनाया गया था. इस भूमिका में उन्होंने अलग-अलग देशों की टी20 लीग में फ्रेंचाइजी के विस्तार और उसकी टीमों के बीच साझा क्रिकेटिंग सोच विकसित करने पर काम किया. इस दौरान मुंबई इंडियंस महिला टीम, एमआई न्यूयॉर्क और एमआई एमिरेट्स ने अपने-अपने टूर्नामेंट में खिताब जीते. इससे फ्रेंचाइजी की वैश्विक पहचान को मजबूती मिली.