scorecardresearch
 

कपिल देव को अभी नहीं मिला इमरान खान का निमंत्रण, कर रहे इंतजार

कपिल ने कहा, उन्हें इमरान खान से शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का अभी तक कोई मेल नहीं मिला है.

Advertisement
X
कपिल देव
कपिल देव

पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव ने कहा कि उन्हें अभी तक पाकिस्तान के भावी प्रधानमंत्री इमरान खान से शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करने का निमंत्रण पत्र नहीं मिला है, हालांकि उन्होंने अनौपचारिक रूप से इस कार्यक्रम में उपस्थित होने की सहमति दे दी है.

कपिल ने कहा, ‘मुझे आमंत्रित किया गया है, लेकिन लिखित में नहीं. मुझे उनकी टीम का फोन आया था, लेकिन मुझे अभी तक कोई मेल नहीं मिला है. मैं आधिकारिक निमंत्रण का इंतजार कर रहा हूं.’

कपिल ने कहा, ‘अगर मुझे आधिकारिक निमंत्रण मिलता है तो मैं जाऊंगा और इस समारोह में शिरकत करूंगा.’ कपिल ने इमरान के प्रधानमंत्री बनने के लिए फोन पर बधाई दी. कपिल ने कहा, ‘मैंने कहा कि ‘शाबाश युवा’.’ उन्होंने कहा कि इमरान जैसे क्रिकेटर को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के पद पर पहुंचते हुए देखना अच्छा लगा.

Advertisement

कपिल ने इमरान के साथ कई मैच खेले हैं. उन्होंने कहा, ‘इमरान ने 20 साल तक बहुत कड़ी मेहनत की है और वह निस्वार्थ अपने देश के लिए काम करते रहे और आज उन्हें इसका फल भी मिल गया. मुझे उम्मीद है कि वह इसी तरीके से काम करते रहेंगे.’

इमरान की पाकिस्तान तहरीके ए इंसाफ (पीटीआई) 25 जुलाई को हुए चुनावों में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में आगे रही. कपिल ने यह भी उम्मीद जताई कि भारत और पाकिस्तान बड़े मुद्दों को सुलझाने और क्षेत्र में शांति लाने में सफल रहेंगे.

उन्होंने उम्मीद जताई कि इमरान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के तौर पर भी अच्छा काम करेंगे क्योंकि वह अपने देश की क्रिकेट टीम के लिए बहुत ही अच्छे कप्तान रहे थे.

कपिल ने कहा, ‘इमरान बहुत ही अच्छे कप्तान थे, पाकिस्तान जैसी टीम की अगुवाई करना इतना आसान नहीं था. उनकी लाजवाब कप्तानी के कारण ही पाकिस्तान अच्छा कर पाया. मुझे उम्मीद है कि वह प्रधानमंत्री के तौर पर भी अपने देश के लिए ऐसा ही करेंगे.’

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement