scorecardresearch
 

ताबड़तोड़ शतक जड़कर छाए श्रेयस अय्यर, T20 टीम में कमबैक पक्का! कप्तान सूर्या पर बढ़ा दबाव

लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले में श्रेयस अय्यर ने तूफानी शतक जड़कर अपनी टीम को जीत दिलाई. यह शतक सिर्फ एक बड़ी इनिंग्स नहीं, बल्कि श्रेयस अय्यर की तरफ से टीम इंडिया और चयनकर्ताओं को दिया गया एक जोरदार संदेश भी माना जा रहा है.

Advertisement
X
श्रेयस अय्यर ने LSG के खिलाफ 51 बॉल पर शतक लगाया. (Photo: BCCI)
श्रेयस अय्यर ने LSG के खिलाफ 51 बॉल पर शतक लगाया. (Photo: BCCI)

श्रेयस अय्यर ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के एक अहम मुकाबले में बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया. पंजाब किंग्स (PBKS) के कप्तान ने शनिवार (23 मई) को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित मैच में सिर्फ 51 गेंदों पर नाबाद 101 रन ठोक दिए. यह उनके आईपीएल करियर का पहला शतक था, लेकिन शायद सबसे खास भी. उन्होंने 11 चौके और 5 छक्के जड़ते हुए पंजाब को 197 रनों का लक्ष्य सिर्फ 18 ओवर में हासिल करा दिया.

लगातार 6 हार के बाद प्लेऑफ से लगभग बाहर मानी जा रही पंजाब किंग्स को उनके कप्तान ने अपने बल्ले से नई जिंदगी दे दी. 'करो या मरो' के मुकाबले में पंजाब किंग्स की हालत शुरुआत में बेहद खराब थी. यह टीम सिर्फ 22 रनों के स्कोर तक 2 विकेट गंवा चुकी थी और एक और हार सामने दिखाई दे रही थी. लेकिन श्रेयस अय्यर ने कप्तानी पारी खेलते हुए टीम को जीत के दरवाजे तक पहुंचाया.

वैसे एक समय मैच अब भी पूरी तरह खुला हुआ था. पंजाब किंग्स को आखिरी 5 ओवर में 47 रन चाहिए थे और लगातार हार की वजह से दबाव साफ दिखाई दे रहा था. तभी मोहम्मद शमी गेंदबाजी पर आए और श्रेयस अय्यर ने पूरा मैच वहीं खत्म कर दिया. श्रेयस ने शमी के ओवर में तीन छक्के ठोक दिए. इन तीन शॉट्स ने सिर्फ मैच का रुख नहीं बदला, बल्कि पंजाब की प्लेऑफ उम्मीदों में भी नई जान फूंक दी.

Advertisement

इसके बाद पूरा स्टेडियम सिर्फ श्रेयस अय्यर के शतक का इंतजार कर रहा था. पंजाब को जीत के लिए 6 रन चाहिए थे और श्रेयस अय्यर को भी सेंचुरी पूरी करने के लिए 6 रनों की जरूरत थी. मोहसिन खान ने धीमी गेंद डालने की कोशिश की, लेकिन श्रेयस ने क्रीज में पीछे जाकर गेंद को सीधे स्टैंड में भेज दिया.

पिछले कुछ मुकाबलों में श्रेयस अय्यर की फॉर्म सवालों के घेरे में थी. पिछले 5 मैचों में उनके बल्ले से सिर्फ एक बार 20+ स्कोर निकला था. आलोचना भी बढ़ रही थी. लेकिन बड़े खिलाड़ी वही होते हैं, जो सबसे मुश्किल समय में टीम के लिए खड़े हों. श्रेयस ने प्रभसिमरन सिंह (69 रन) के साथ 140 रनों की साझेदारी कर मैच पूरी तरह अपने नियंत्रण में रखा.

क्या श्रेयस की होगी टी20 टीम में वापसी?
श्रेयस अय्यर की यह पारी सिर्फ पंजाब किंग्स के लिए नहीं, बल्कि टीम इंडिया के टी20 भविष्य के लिए भी बेहद अहम मानी जा रही है. एक तरफ सूर्यकुमार यादव खराब फॉर्म और फिटनेस से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ श्रेयस शानदार बल्लेबाजी के साथ ही कप्तानी में भी खुद को साबित कर रहे हैं. कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 2024 के सीजन में आईपीएल खिताब जिताने के बाद अब उन्होंने पंजाब को भी प्लेऑफ की दौड़ में वापस ला खड़ा किया.

Advertisement

सबसे बड़ी बात यह है कि अब श्रेयस अय्यर पहले से ज्यादा फिट, शांत और तकनीकी रूप से मजबूत नजर आ रहे हैं. जिस शॉर्ट बॉल कमजोरी को लेकर कभी सवाल उठते थे, अब वही कमजोरी लगभग गायब दिख रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement