scorecardresearch
 

रोहित का उदास चेहरा, पंड्या का गुस्सा और हताश बुमराह... मुंबई इंडियंस कैम्प में सबकुछ ठीक नहीं!

आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. पंजाब किंग्स के खिलाफ हार के बाद टीम का माहौल पूरी तरह बदला-बदला नजर आया. डगआउट में रोहित शर्मा का उदास चेहरा दिखा, मैदान पर कप्तान हार्दिक पंड्या का गुस्सा नजर आया और जसप्रीत बुमराह भी हताश दिखाई दिए.

Advertisement
X
मुंबई इंडियंस लगातार चार मैच हार चुकी है. (Photo: PTI)
मुंबई इंडियंस लगातार चार मैच हार चुकी है. (Photo: PTI)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में मुंबई इंडियंस (MI) का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है. पांच बार की आईपीएल चैम्पियन टीम ने शुरुआती मुकाबले में कोलकात नाइट राइडर्स (KKR) को हराकर सीजन का आगाज जीत के साथ किया. लेकिन फिर उसने लगातार चार मुकाबले गंवा दिए. मुंबई इंडियंस की ना तो बल्लेबाजी सही से क्लिक रही है, ना गेंदबाजी में दमदखम नजर आ रहा है और ना ही फील्डिंग दुरुस्त दिखी है.

मुंबई इंडियंस ने जब दिसंबर 2023 में हार्दिक पंड्या को कप्तानी सौंपी थी, तब फैन्स को उम्मीद थी कि नए कप्तान के अंदर यह टीम और बुलंदियां हासिल करेगी. वजह साफ थी- हार्दिक ने अपनी कप्तानी में गुजरात टाइटन्स (GT) को खिताब जिताया था और अगले सीजन फाइनल तक पहुंचाया. दूसरी तरफ, रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई लगातार तीन साल तक ट्रॉफी नहीं जीत सकी थी और उनके बल्ले से भी पहले जैसा असर नहीं दिख रहा था.

हालांकि हार्दिक पंड्या को कप्तान बनाने से मुंबई इंडियंस के फैन्स नाराज हुए थे और 2025 के आईपीएल सीजन में उनकी घरेलू प्रशंसकों ने खूब हूटिंग की. जब हार्दिक ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 में शानदार प्रदर्शन किया, तो फैन्स का उनके प्रति नजरिया बदला. 2025 और मौजूदा सीजन में हार्दिक एंड कंपनी को होम फैन्स का फुल सपोर्ट मिला है.

Advertisement

हार्दिक का इशारा किस ओर?
मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पंड्या को नया कप्तान बना दिया, लेकिन तस्वीर तो बिल्कुल अलग नजर आ रही है. 2024 में टीम आखिरी स्थान पर रही, 2025 में किसी तरह प्लेऑफ तक पहुंची और अब आईपीएल 2026 में एक बार फिर टीम दबाव में है. पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ हार के बाद हार्दिक का गुस्सा साफ दिखा. उन्होंने मैच के बाद खुलकर कहा कि अब टीम को कुछ कठिन फैसले लेने होंगे और हर खिलाड़ी को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी.
यह भी पढ़ें: सूर्या भाऊ… और कितना इंतजार? कतार में खड़े हैं अय्यर और पाटीदार

हार्दिक पंड्या ने कहीं ना कहीं टीम के स्टार खिलाड़ियों पर निशाना साधा, जो उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पा रहे हैं. सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा लगातार रन बनाने में संघर्ष कर रहे हैं. वहीं जसप्रीत बुमराह जैसा मैच विनर गेंदबाज भी अब तक एक विकेट नहीं ले पाया हैय

उधर, रोहित शर्मा भी हैमस्ट्रिंग चोट के चलते पंजाब के खिलाफ मुकाबले से बाहर रहे. मैच के दौरान वह डगआउट में बैठे नजर आए और गेंदबाजों की हालत देखकर उनकी निराशा भी साफ दिख रही थी. रोहित की गैरमौजूदगी ने मुंबई की बल्लेबाजी को भी कमजोर कर दिया क्योंकि उनके पास अनुभव और दबाव झेलने की क्षमता दोनों हैं.

Advertisement

पंजाब के खिलाफ मुकाबले में हार्दिक पंड्या की बेचैनी मैदान पर साफ नजर आई. हर चौके-छक्के के बाद वह लगातार गेंदबाजों और फील्डरों को निर्देश देते दिखे. यहां तक कि जसप्रीत बुमराह भी हताश दिखे और उन्होंने हार्दिक की गेंद पर एक आसान कैच छोड़ दिया.

बुमराह को कोई साथ नहीं दे रहा
मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी इस समय टीम की सबसे बड़ी कमजोरी बन चुकी है. टीम पूरी तरह बुमराह पर निर्भर दिख रही है. दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट और शार्दुल ठाकुर जैसे गेंदबाज अब पहले जैसे असरदार नहीं रहे. बुमराह को छोड़कर बाकी गेंदबाज लगातार रन लुटा रहे हैं और विपक्षी बल्लेबाज आसानी से बड़े स्कोर बना रहे हैं.
यह भी पढ़ें: 'ज‍िम्मेदारी तो लेनी होगी', पंजाब किंग्स से हारकर हार्द‍िक भड़के, त‍िलक-बुमराह-सूर्या मुंबई इंड‍ियंस से नपेंगे?

स्पिन विभाग की हालत भी ज्यादा बेहतर नहीं है. मयंक मार्कंडे लंबे समय से प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे हैं. जबकि मिचेल सेंटनर और अल्लाह गजनफर जैसी विदेशी स्पिन विकल्पों को मददगार पिच की जरूरत पड़ती है.

अब सवाल सिर्फ हार्दिक पंड्या की कप्तानी का नहीं है. सवाल यह भी है कि क्या मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाकर जल्दबाजी की. फिलहाल, आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस की हालत देखकर यही लग रहा है कि टीम के सामने मुश्किलें सिर्फ मैदान पर नहीं, ड्रेसिंग रूम के भीतर भी बढ़ती जा रही हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement