IPL 2026 Full Schedule: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के दूसरे फेज का शेड्यूल 26 मार्च (गुरुवार) को जारी कर दिया गया. भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने पश्चिम बंगाल, तमिलनाड और असम में होने जा रहे विधानसभा चुनावों के चलते पहले 20 ही मैचों का शेड्यूल जारी किया था. अब बाकी लीग मैचों का शेड्यूल जारी हो चुका है. आईपीएल की शुरुआत 28 मार्च 2026 से होगी, जबकि फाइनल 31 मई को खेला जाना प्रस्तावित है.
इस सीजन में भी 10 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 70 लीग मुकाबले खेले जाएंगे, जो देश के 13 अलग-अलग वेन्यू पर आयोजित होंगे. सभी 10 टीमें लीग स्टेज में 14-14 मुकाबले खेलेंगी. टॉप-चार टीमें प्लेऑफ में पहुंचेंगी. चार प्लेऑफ मैचों के लिए बीसीसीआई शेड्यूल और वेन्यू की जानकारी बाद में देगा.
यह भी पढ़ें: आईपीएल 2026 के दूसरे फेज का शेड्यूल जारी, 13 अप्रैल से होगी जंग
आईपीएल 2026 के लीग मुकाबले बेंगलुरु, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, दिल्ली, अहमदाबाद, हैदराबाद, लखनऊ, जयपुर, धर्मशाला, रायपुर, न्यू चंडीगढ़ (मुल्लांपुर) और गुवाहाटी में खेले जाएंगे. आईपीएल 2026 का पहला फेज 28 मार्च से लेकर 12 अप्रैल तक चलेगा. फिर दूसरा फेज 13 अप्रैल से शुरू होगा और 24 मई तक जारी रहेग. पहले फेज में 20 और दूसरे फेज में 50 मुकाबले खेले जाएंगे.
उद्घाटन मुकाबला इन दो टीमों के बीच
इस सीजन का उद्घाटन मुकाबला 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा. वहीं दूसरे फेज का पहला मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच हैदराबाद में आयोजित होगा.
इस सीजन में कुल 12 डबल हेडर मुकाबले खेले जाएंगेय डबल हेडर का अर्थ होता है- एक दिन में दो मैच. ये मुकाबले शनिवार और रविवार को होंगे. दोपहर के मैच 3:30 बजे से और शाम के मुकाबले 7:30 बजे से शुरू होंगे. इस बार 58 लीग मुकाबले शाम के समय आयोजित किए जाएंगे.
आईपीएल का पूरा शेड्यूल देखने के लिए यहां क्लिक करें
♦ पंजाब किंग्स (PBKS) अपने होम मुकाबले न्यू चंडीगढ़ और धर्मशाला में खेलेगी. वहीं राजस्थान रॉयल्स जयपुर में 4 मैच खेलेगी, जबकि तीन घरेलू मुकाबले उसे गुवाहाटी में खेलने हैं. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने घरेलू मुकाबले बेंगलुरु के अलावा रायपुर में भी खेलेगी. रायपुर में आरसीबी को दो मैच खेलने पड़ेंगे.
♦ आईपीएल में इस बार लीग स्टेज के दौरान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) सिर्फ एक बार आमने-सामने होगी. ये मुकाबला 5 अप्रैल को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होना है.
♦ सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के चार-चार मुकाबले दोपहर में निर्धारित किए गए हैं. वहीं पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) 3-3 मैच दोपहर में खेलेगी. राजस्थान रॉयल्स, मुंबई इंडियंस (MI), कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के दो-दो मुकाबले दोपहर में शेड्यूल किए गए हैं. जबकि चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटन्स (GT) को एक-एक मुकाबला दोपहर में खेलना है.
पिछला आईपीएल सीजन बेहद रोमांचक रहा था. तब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार आईपीएल खिताब जीता था. यह खिताबी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया था, जिसमें आरसीबी ने 6 रनों से जीत हासिल की थी.
आईपीएल 2026 का पूरा शेड्यूल सामने आने के बाद साफ है कि इस बार फैन्स को और ज्यादा रोमांच देखने को मिलेगा. जैसे-जैसे मुकाबले बीतेंगे, टूर्नामेंट का रोमांच चरम पर पहुंचने की उम्मीद है.