scorecardresearch
 

ईशान किशन IN, इस धुरंधर का डेब्यू... अफगानिस्तान के खिलाफ पहले ODI में ऐसी हो सकती है प्लेइंग-11, रोहित शर्मा पर नजरें

विराट कोहली और हार्दिक पंड्या जैसे बड़े नामों की गैरमौजूदगी में जिम्मेदारी नए चेहरों पर होगी. अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में फैन्स की निगाहें खास तौर पर ईशान किशन, नीतीश कुमार रेड्डी और प्रिंस यादव पर रहेंगी. अगर ये खिलाड़ी मौके को भुनाने में सफल रहे, तो टीम इंडिया को भविष्य के लिए कई नए मैच विनर मिल सकते हैं.

Advertisement
X
भारत-अफगानिस्तान के बीच आज पहला वनडे. (Photo: PTI)
भारत-अफगानिस्तान के बीच आज पहला वनडे. (Photo: PTI)

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 13 जून (शुक्रवार) को धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम में होने जा रहा है. मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 1.30 बजे से होगा. वनडे सीरीज की शुरुआत से पहले ही टीम इंडिया को दो बड़े झटके लगे हैं. स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो चुके हैं. ऐसे में कप्तान शुभमन गिल के सामने मजबूत प्लेइंग इलेवन चुनने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है.

हालांकि अच्छी बात यह है कि टीम इंडिया के पास युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का शानदार मिश्रण मौजूद है. यही वजह है कि विराट कोहली और हार्दिक पंड्या की गैरमौजूदगी के बावजूद भारत की टीम मजबूत नजर आ रही है. धर्मशाला की पिच पर एक बार फिर रोहित शर्मा और शुभमन गिल की जोड़ी भारतीय पारी की शुरुआत करती नजर आ सकती है. दोनों बल्लेबाज वनडे क्रिकेट में भारत के सबसे भरोसेमंद ओपनर हैं.

रोहित शर्मा अपने अनुभव और आक्रामक अंदाज से टीम को मजबूत शुरुआत देना चाहेंगे, जबकि कप्तान शुभमन गिल की कोशिश होगी कि वह बल्ले से भी नेतृत्व करें. पिछले कुछ वर्षों में शुभमन ने वनडे क्रिकेट में जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उसने उन्हें टीम का सबसे अहम बल्लेबाज बना दिया है.

ईशान का खेलना तय
विराट कोहली के नहीं होने से भारतीय बल्लेबाजी क्रम में सबसे बड़ा सवाल नंबर-3 को लेकर है. ईशान किशन इस भूमिका के सबसे मजबूत दावेदार नजर आते हैं. ईशान पहले भी इस पोजीशन पर शानदार बल्लेबाजी कर चुके हैं. उनकी आक्रामक शैली भारत को तेज शुरुआत के बाद रन गति बनाए रखने में मदद कर सकती है. साथ ही बाएं हाथ के बल्लेबाज होने के कारण वह बल्लेबाजी क्रम में संतुलन भी जोड़ते हैं.

Advertisement

नंबर-4 पर उपकप्तान श्रेयस अय्यर खेलेंगे. वनडे क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है और स्पिन के खिलाफ उनकी बल्लेबाजी अफगानिस्तान के खिलाफ बेहद अहम साबित हो सकती है. वहीं केएल राहुल विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में नंबर-5 पर उतर सकते हैं. राहुल की भूमिका सिर्फ रन बनाने तक सीमित नहीं होगी, बल्कि उन्हें युवा बल्लेबाजों के साथ पारी को संभालने की जिम्मेदारी भी निभानी होगी.

हार्दिक पंड्या की अनुपस्थिति में सबसे ज्यादा फायदा नीतीश कुमार रेड्डी को मिल सकता है. आईपीएल में अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से प्रभावित करने वाले नीतीश के पास बल्ले और गेंद दोनों से मैच बदलने की क्षमता है. धर्मशाला में उन्हें भारत के लिए बड़ा मौका मिल सकता है और यह सीरीज उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की दिशा तय कर सकती है.

प्रिस यादव करेंगे डेब्यू!
जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज की गैरमौजूदगी में अर्शदीप सिंह भारतीय तेज आक्रमण की अगुवाई करेंगे. उनके साथ प्रसिद्ध कृष्णा नई गेंद संभाल सकते हैं, लेकिन सबसे ज्यादा उत्सुकता युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को लेकर है. आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें भारतीय टीम में मौका मिला है और धर्मशाला में वह अपना ओडीआई डेब्यू कर सकते हैं. अगर ऐसा होता है तो यह उनके करियर का सबसे बड़ा पल होगा.

अफगानिस्तान के खिलाफ स्पिन गेंदबाजी हमेशा निर्णायक भूमिका निभाती है. ऐसे में कुलदीप यादव और वॉशिंगटन सुंदर भारत के लिए तुरुप का इक्का साबित हो सकते हैं. कुलदीप पहले ही ओडीआई क्रिकेट में 194 विकेट हासिल कर चुके हैं और अफगानी बल्लेबाजों को परेशान करने का माद्दा रखते हैं. वहीं सुंदर बल्ले और गेंद दोनों से योगदान देकर टीम को संतुलन प्रदान करेंगे.

Advertisement

पहले वनडे में भारत की संभावित प्लेइंग-11: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और प्रसिद्ध कृष्णा.

वनडे सीरीज के लिए भारत का स्क्व़ॉड: शुभमन गिल (कप्तान), श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार और प्रिंस यादव.

अफगानिस्तान का स्क्वॉड: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, रहमत शाह, इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), मोहम्मद नबी, अजमतुल्लाह उमरजई, राशिद खान, नांगेयालिया खरोटी, अल्लाह गजनफर, जिया उर रहमान शरीफी, फरीद मलिक, बिलाल सामी और मोहम्मद सलीम सफी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement