शनिवार (20 जून) को भारत और अफगानिस्तान के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में आयोजित ओडीआई मुकाबले में फैन्स को एक बेहद दुर्लभ और हैरान करने वाला नजारा देखने को मिला. अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी की एक गलती उनकी टीम पर इतनी भारी पड़ी कि अंपायरों ने सीधे भारत के खाते में 5 रन जोड़ दिए. क्रिकेट के मैदान पर ऐसे मामले बहुत कम देखने को मिलते हैं, लेकिन चेन्नई में खेले गए इस मुकाबले में शाहिदी एक ही गलती दोहराते रहे और आखिरकार अंपायरों को सख्त कदम उठाना पड़ा.
अफगानिस्तान की पारी के दौरान हशमतुल्लाह शाहिदी लगातार पिच के 'डेंजर एरिया' यानी बीच वाले हिस्से पर दौड़ रहे थे. यह वही हिस्सा होता है, जहां गेंदबाजों के फुटमार्क बनते हैं और जिसे सुरक्षित रखना बेहद जरूरी माना जाता है. अंपायरों ने शाहिदी को दो बार चेतावनी दी. इसके बावजूद अफगान कप्तान अपनी आदत नहीं बदल सके. आखिरकार 40वें ओवर की आखिरी गेंद पर अंपायरों का धैर्य जवाब दे गया. वॉशिंगटन सुंदर की गेंद पर तब शाहिदी ने सिंगल पूरा किया, लेकिन उसी दौरान अंपायरों ने उन्हें रोककर नियम उल्लंघन के लिए दंडित कर दिया.
हशमतुल्लाह शाहिदी की गलती के कारण अंपायरों ने भारत को सीधे 5 पेनल्टी रन दे दिए. इतना ही नहीं, हशमतुल्लाह शाहिदी और राशिद खान द्वारा लिया गया रन भी बाद में स्कोर से हटा दिया गया. कुछ देर के लिए कमेंटेटर्स और दर्शक भी भ्रमित हो गए थे कि 41वां ओवर शुरू होने पर हशमतुल्लाह शाहिदी स्ट्राइक पर क्यों नहीं थे.
बाद में ये स्पष्ट हुआ कि वो रन अमान्य करार दिया गया है. यह घटना ऐसे समय हुई जब हशमतुल्लाह शाहिदी शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे. अफगान कप्तान ने इस मुकाबले के दौरान अपने वनडे इंटरनेशनल करियर का पहला शतक जड़ा, लेकिन उनकी यह उपलब्धि टीम को बड़े स्कोर तक नहीं पहुंचा पाई.
एक समय अफगानिस्तान का स्कोर 198/5 था और टीम बड़े स्कोर की ओर बढ़ती दिख रही थी, लेकिन इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने जबरदस्त वापसी की और अफगानिस्तान की पूरी टीम 45वें ओवर में 218 रनों पर सिमट गई. हशमतुल्लाह शाहिदी के अलावा केवल अजमतुल्लाह उमरजई ही संघर्ष कर सके, जिन्होंने 56 गेंदों में 50 रन बनाए.
इससे पहले अफगानिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही थी. तेज गेंदबााज प्रसिद्ध कृष्णा ने नई गेंद से कहर बरपाते हुए पहले ही स्पेल में 4 विकेट लेकर अफगान बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. अफगानिस्तान का स्कोर एक समय 36/4 हो गया था. बाद में प्रसिद्ध ने एक और विकेट लेकर अपने ओडीआई करियर का पहला पांच विकेट हॉल भी पूरा किया.