scorecardresearch
 

कोबरा को हाथ पर लपेटकर करने लगा हंसी ठिठोली, स्टाफ को भी सांप से डराया, फार्महाउस मालिक ने गंवा दी खुद की जान

हैदराबाद के राजेंद्रनगर में फार्महाउस मालिक नवाब की जहरीले कोबरा के साथ खेलने के दौरान सांप के काटने से मौत. अस्पताल में इलाज के दौरान 3 घंटे में तोड़ा दम. जानिए पूरी घटना...

Advertisement
X
जहरीले नाग के साथ खेल रहे 'नवाब' की अस्पताल में टूटी सांसें.(Photo:ITG)
जहरीले नाग के साथ खेल रहे 'नवाब' की अस्पताल में टूटी सांसें.(Photo:ITG)

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के राजेंद्रनगर इलाके से एक बेहद हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक फार्महाउस में घुसे जहरीले कोबरा सांप को पकड़ने और उसके बाद उसके साथ स्टंट करने के चक्कर में एक व्यक्ति को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा. कोबरा के डसने के महज तीन घंटे के भीतर ही शख्स की इलाज के दौरान मौत हो गई.

यह पूरी घटना राजेंद्रनगर स्थित एक निजी फार्महाउस की है. फार्महाउस के मालिक, जिनकी पहचान नवाब के रूप में हुई है, की प्रॉपर्टी में अचानक एक बड़ा और बेहद जहरीला कोबरा सांप घुस आया था. नवाब ने किसी सपेरे या वन्यजीव टीम को बुलाने के बजाय खुद ही उस खतरनाक सांप को पकड़ लिया.

सावधानी की अनदेखी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कोबरा को काबू में करने के बाद नवाब अति-आत्मविश्वास में आ गया. वह नंगे हाथों से ही उस जहरीले सांप को हवा में लहराने और उसके साथ खेलने लगा. इसी लापरवाही और स्टंट के दौरान कोबरा ने अचानक पलटकर नवाब को बुरी तरह डस लिया.

3 घंटे के भीतर ही थम गईं सांसें
साँप के काटते ही फार्महाउस पर अफरा-तफरी मच गई. नवाब के शरीर में जहर तेजी से फैलने लगा, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. देखें VIDEO:- 

Advertisement

डॉक्टरों की टीम ने उन्हें तुरंत मेडिकल सपोर्ट और एंटी-वेनम देने का प्रयास किया, लेकिन कोबरा का जहर इतना घातक था कि काटने के महज तीन घंटे के भीतर ही नवाब ने दम तोड़ दिया.

इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है. स्थानीय पुलिस और अधिकारियों को मामले की सूचना दे दी गई है. हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी इस हादसे को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

यह घटना उन लोगों के लिए एक बड़ा सबक है जो अक्सर रील्स बनाने या वायरल होने के लिए वन्यजीवों और जहरीले जीवों के साथ खतरनाक स्टंट करने से बाज नहीं आते.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement