इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच नंबर-25 में शुक्रवार (17 अप्रैल) को गुजरात टाइटन्स (GT) का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से हुआ. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में गुजरात टाइटन्स ने 5 विकेट से जीत हासिल की. मुकाबले में गुजरात टाइटन्स को जीत के लिए 181 रनों का टारगेट मिला था, जिसे उसने 19.4 ओवरों में हासिल कर लिया.
गुजरात टाइटन्स की जीत के हीरो कप्तान शुभमन गिल रहे, जिन्होंने शानदार 86 रन बनाए. गुजरात टाइटन्स की ये लगातार तीसरी जीत रही है. वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स को मौजूदा सीजन में पहली जीत का इंतजार है. कोलकाता नाइट राइडर्स ने छह में से पांच मुकाबले गंवाए हैं.
गुजरात टाइटन्स को पंजाब किंग्स (PBKS) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी. वहीं दिल्ली कैपिटल्स (DC), लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और कोलकाता नाइट राइडर्स को उसने पराजित किया. दूसरी ओर कोलकाता नाइट राइडर्स को मुंबई इंडियंस (MI), सनराइजर्स हैदराबाद (SRH), लखनऊ सुपर जायंट्स, चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और गुजरात टाइटन्स ने परास्त किया. जबकि पंजाब किंग्स संग मुकाबला बारिश के चलते धुल गया.
ऐसा रहा गुजरात का रनचेज
रनचेज में गुजरात टाइटन्स की शुरुआत शानदार रही. साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल ने मिलकर पहले विकेट के लिए 57 रन जोड़े. सुदर्शन 22 रनों के निजी स्कोर पर सुनील नरेन का शिकार बने. इसके बाद शुभमन ने जोस बटलर के मिलकर 38 रनों की पार्टनरशिप की. बटलर ने 28 रन बनाए और उनका विकेट वरुण चक्रवर्ती ने लिया.
यहां से वॉशिंगटन सुंदर और शुभमन गिल ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 46 रनों की साझेदारी की. हालांक सुंदर सिर्फ 13 रन बना सके और वरुण चक्रवर्ती की फिरकी में फंस गए. शुभमन गिल शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन वैभव अरोड़ा की गेंद पर बड़ा शॉट मारने के चक्कर में वो कैमरन ग्रीन को कैच थमा बैठे. शुभमन ने 50 गेंदों पर 86 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और चार छक्के शामिल रहे. ग्लेन फिलिप्स 19 रन बनाकर रमनदीप सिंह का शिकार बने, हालांकि तब तक कोलकाता के लिए काफी देर हो चुकी थी.
कैमरन ग्रीन ने बनाए 79 रन
कोलकाता नाइट राइडर्स ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवरों में 180 रन बनाए. केकेआर की शुरुआत खराब रही. पहले ही ओवर में उसने कप्तान अजिंक्य रहाणे (0 रन) का विकेट गंवा दिया, जो मोहम्मद सिराज का शिकार बने. फिर कोलकताा ने फॉर्म में चल रहे अंगकृष रघुवंशी का विकेट खो दिया. अंगकृष 8 रन बनाकर कगिसो रबाडा की गेंद पर आउट हुए. लय में दिख रहे टिम सीफर्ट (19 रन) को भी रबाडा ने चलता किया. सीफर्ट के आउट होने के समय कोलकाता का स्कोर 32/3 था.
यहां से कैमरन ग्रीन और रोवमैन पॉवेल ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 55 रनों की साझेदारी की. पॉवेल 27 रन बनाकर अशोक शर्मा की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे. पॉवेल के आउट होने के बाद कैमरन ग्रीन ने अपना गियर बदल लिया. ग्रीन ने 4 चौके और तीन छक्के की मदद से 34 बॉल पर फिफ्टी जमाई.
यह भी पढ़ें: 25 करोड़ी कैमरन ग्रीन ने आखिरकार जमाया रंग, गुजरात टाइटन्स के खिलाफ खेली दमदार पारी
कैमरन ग्रीन ने इस दौरान अनुकूल रॉय के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 60 रनों की साझेदारी की. अनुकूल ने 9 रन बनाए और प्रसिद्ध कृष्णा ने उन्हें आउट किया. रिंकू सिंह (1 रन) की खराब फॉर्म जारी रही और उन्हें कगिसो रबाडा ने टिकने नहीं दिया. रमनदीप सिंह (17 रन), सुनील नरेन (0 रन) और कार्तिक त्यागी (6 रन) बल्ले से कुछ खास नहीं कर पाए.
कैमरन ग्रीन आउट होने वाले आखिरी बल्लेबाज रहे, जिन्हें राशिद खान ने पारी की अंतिम बॉल पर चलता किया. ग्रीन ने 7 चौके और 4 छक्के की मदद से 55 बॉल पर 79 रन बनाए. कगिसो रबाडा ने गुजरात टाइटन्स के लिए सर्वाधिक तीन विकेट झटके. मोहम्मद सिराज और अशोक शर्मा को दो-दो सफलताएं हासिल हुईं.
इंडियन प्रीमियर लीग में गुजरात टाइटन्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच अब तक 6 मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान गुजरात टाइटन्स ने 4 मैचों में जीत हासिल की. वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स ने सिर्फ 1 मुकाबला जीता. जबकि एक मैच बारिश से भी धुला. पिछले सीजन में दोनों टीमों के बीच एक मुकाबला हुआ था, जिसमें गुजरात टाइटन्स ने 39 रनों से जीत दर्ज की थी.
गुजरात vs कोलकाता h2h
कुल IPL मैच: 6
गुजरात ने जीते: 4
कोलकाता ने जीते: 1
बेनतीजा: 1
गुजरात टाइटन्स की प्लेइंग-11: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज और अशोक शर्मा.
इम्पैक्ट सब: शाहरुख खान.
कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग-11: सुनील नरेन, टिम सीफर्ट, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, रिंकू सिंह, रोवमैन पॉवेल, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, कार्तिक त्यागी और वैभव अरोड़ा.
इम्पैक्ट सब: वरुण चक्रवर्ती.