scorecardresearch
 

IPL: 25 करोड़ी कैमरन ग्रीन ने आखिरकार जमाया रंग, गुजरात टाइटन्स के खिलाफ खेली दमदार पारी

कैमरन ग्रीन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी प्लेयर है. ग्रीन आईपीएल 2026 में शुरुआती कुछ मुकाबले में असर नहीं छोड़ पाए थे. मगर गुजरात टाइटन्स के खिलाफ मुकाबला उनके लिए शानदार रहा.

Advertisement
X
कैमर ग्रीन ने आखिकार फॉर्म में वापसी कर ली... (Photo: PTI)
कैमर ग्रीन ने आखिकार फॉर्म में वापसी कर ली... (Photo: PTI)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में गुजरात टाइटन्स (GT) के खिलाफ मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन का बल्ला जमकर बोला. 17 अप्रैल (शुक्रवार) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में ग्रीन ने 55 गेंदों पर 79 रन बनाए, जिसमें सात चौके और चार छक्के शामिल रहे. ग्रीन पारी की आखिरी गेंद पर राशिद खान का शिकार बने. ग्रीन की दमदार पारी के चलते कोलकाता की टीम 180 रनों के स्कोर तक पहुंचने में सफल रही.

इस मुकाबले में कैमरन ग्रीन ने एक समय 14 गेंदों पर सिर्फ 8 रन बनाए थे. लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने गियर बदलना शुरू किया. 12वें ओवर में राशिद खान के खिलाफ छक्का और चौका बटोरकर उन्होंने अपने इरादे दिखाए. फिर अशोक शर्मा के ओवर में दो छक्के लगाए. ग्रीन ने अपनी फिफ्टी 34 गेंदों पर पूरी की.

फिफ्टी जड़ने के बाद राशिद खान के ओवर में कैमरन ग्रीन को दो जीवनदान मिले. पहले तो विकेटकीपर जोस बटलर ने स्टम्पिंग छोड़ी, फिर बाउंड्री पर वॉशिंगटन सुंदर ने उनका कैच टपका दिया. उस 14वें ओवर में ग्रीन ने 17 रन बटोरे. ग्रीन ने इन जीवनदानों का फायदा उठाया और आखिरी गेंद तक क्रीज पर जमे रहे.

कैमरन ग्रीन को कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2026 के लिए हुई मिनी नीलामी के दौरान 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा था. इसके साथ ही ग्रीन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गए थे. हालांकि ग्रीन शुरुआती मैचों में बल्ले और गेंद दोनों से प्रभाव नहीं डाल पाए.

Advertisement

आईपीएल 2026 में शुरुआती पांच पारियों में कैमरन ग्रीन ने 14.00 के एवरेज और 143.58 की स्ट्राइक रेट से 56 रन बनाए थे. वहीं गेंदबाजी की बात करें तो उन्होंने इस दौरान 58.00 की औसत से एक विकेट झटका. अब उन्होंने गुजरात टाइटन्स के खिलाफ मुकाबले से फॉर्म में वापसी कर ली.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement