Assembly Election 2026: बंगाल में भवानीपुर सीट से चुनाव लड़ रही हैं ममता बनर्जी (फोटो- PTI) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग में अब एक हफ्ते का समय भी नहीं बचा है. सभी राजनीतिक पार्टियां चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक रही हैं. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भवानीपुर सीट से बतौर तृणमूल कांग्रेस (TMC) उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. भारतीय जनता पार्टी (BJP) से टीएमसी की सीधी टक्कर है. भारतीय जनता पार्टी ममता बनर्जी के गढ़ में सत्ता हासिल करना चाहती है. ममता बनर्जी 3 बार से पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री हैं. 2026 के चुनाव में टीएमसी जीती तो ममता बनर्जी लगातार चौथी बार मुख्यमंत्री बनेंगी.
विधानसभा चुनाव 2026 से जुड़े अपडेट्स के लिए इस पेज को रीफ्रेश करते रहें...
9 अप्रैल को पहले चरण में असम, केरल और पुडुचेरी में मतदान संपन्न हो चुका है. जबकि 23 अप्रैल को तमिलनाडु के साथ पश्चिम बंगाल के पहले चरण में 152 सीटों पर वोटिंग होगी. वहीं, 29 अप्रैल को बंगाल में दूसरे चरण का मतदान होगा.
निर्वाचन आयोग (ECI) की ओर से 15 मार्च 2026 को घोषित शेड्यूल के मुताबिक, इस साल अप्रैल में पांच राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल की कुल 824 विधानसभा सीटों पर चुनाव हो रहा है.
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस को झटका लगा है. बंगाल के अल्पसंख्यक बहुल मुर्शिदाबाद जिले की जलांगी विधानसभा सीट से तीन बार के अनुभवी टीएमसी विधायक अब्दुर रज्जाक ने गुरुवार को पार्टी छोड़ने का ऐलान किया. इस बार टिकट न दिए जाने की नाराजगी के चलते उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया.