गॉल के गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में इंडिया-ए और श्रीलंका-ए के बीच पहला अनधिकृत टेस्ट मैच खेला जा रहा है. इस चार दिवसीय मुकाबले के दूसरे दिन (26 जून) इंडिया-ए के कप्तान ध्रुव जुरेल ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया. जुरेल ने 13 चौके और 1 छक्के की मदद से 215 गेंदों पर नाबाद 141 रन बनाए. जुरेल के फर्स्ट क्लास करियर की ये छठी सेंचुरी रही. जुरेल ने 35 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 14 अर्धशतक भी लगाए हैं.
ध्रुव जुरेल को अपनी इनिंग्स के दौरान शेख रशीद का बखूबी साथ मिला. शेख रशीद और ध्रुव जुरेल के बीच पांचवें विकेट के लिए 136 रनों की साझेदारी हुई. शेख रशीद ने 113 गेंदों पर 63 रन बनाए, जिसमें पांच चौके शामिल रहे. फिर जुरेल ने हर्ष दुबे के साथ भी शानदार साझेदारी बनाई.
ध्रुव जुरेल और हर्ष दुबे ने छठे विकेट के लिए 86 रन जोड़े. हर्ष दुबे ने 2 चौके और एक सिक्स की मदद से 51 बॉल पर 30 रनों का योगदान दिया. इससे पहले शुरुआती दिन के खेल में साई सुदर्शन ने शानदार बल्लेबाजी का नजारा पेश किया था. सुदर्शन ने 19 चौके की सहायता से 175 गेंदों पर 132 रन बनाए थे. साई सुदर्शन के फर्स्ट क्लास करियर की ये 9वीं सेंचुरी थी.
इंडिया-ए ने बनाया विशाल स्कोर
साई सुदर्शन और ध्रुव जुरेल के दमदार शतकों की बदौलत इंडिया-ए ने अपनी पहली पारी 452/6 के स्कोर पर घोषित कर दी. श्रीलंका-ए की ओर से तेज गेंदबाज चमिका गुणसेकरा ने सबसे ज्यादा तीन विकेट झटके. वहीं दिलुम सुदीरा को दो सफलताएं हासिल हुईं. रविंदु फर्नांडो ने भी एक विकेट झटका.
मुकाबले में श्रीलंका-ए की प्लेइंग XI: पवन्था वीरसिंघे, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), नुवानीदु फर्नांडो, एशेन बंडारा, सहान अराचिगे (कप्तान), रविंदु फर्नांडो, अंजला बंडारा, कविंदु पथिरत्ने, दुलाज समुदिथा, चमिका गुणसेकरा, दिलुम सुदीरा.
मुकाबले में इंडिया-ए की प्लेइंग XI: साई सुदर्शन, आयुष पांडे, देवदत्त पडिक्कल, ऋतुराज गायकवाड़, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर/कप्तान), शेख रशीद, हर्ष दुबे, सारांश जैन, अंशुल कम्बोज, यश ठाकुर और आकिब नबी डार