टीम इंडिया के अनुभवी बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा पिछले कुछ समय से इंटरनेशनल क्रिकेट से बाहर हैं. पुजारा ने भारत के लिए अपना आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला पिछले साल वर्ल्ड चैम्पियनशिप के फाइनल में खेला था. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उस फाइनल मैच में पुजारा 41 रन बना सके थे. इसके बाद पुजारा को वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज से ड्रॉप कर दिया गया था. इस सेटबैक के बावजूद चेतेश्वर पुजारा ने हार नहीं मानी है और वह घरेलू क्रिकेट में जमकर रन बना रहे हैं.
अब पुजारा ने राजकोट में झारखंड के खिलाफ खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी मुकाबले में शानदार दोहरा शतक लगाया है. सौराष्ट्र के लिए खेल रहे पुजारा ने पहली पारी में नाबाद 243 रन बनाए. इस दौरान पुजारा ने 356 गेंदों का सामना किया और 30 चौके लगाए. पुजारा की इस शानदार पारी के दम पर सौराष्ट्र ने अपनी पहली पारी 578/4 रनों के स्कोर पर घोषित कर दी. झारखंड ने अपनी पहली पारी में 142 रन बनाए थे, यानी सौराष्ट्र को 436 रनों की बड़ी लीड मिली है.
𝗗𝗼𝘂𝗯𝗹𝗲 𝗗𝗲𝗹𝗶𝗴𝗵𝘁 𝗳𝗼𝗿 𝗖𝗵𝗲𝘁𝗲𝘀𝗵𝘄𝗮𝗿 𝗣𝘂𝗷𝗮𝗿𝗮! 💯💯
— BCCI Domestic (@BCCIdomestic)
A spectacular 2⃣0⃣0⃣ in Rajkot from the Saurashtra batter! 👏👏
Follow the match ▶️ | | | |
पुजारा ने लक्ष्मण को भी पछाड़ा
पुजारा ने इस पारी के दौरान कुछ बड़े रिकॉर्ड्स बनाए. पुजारा अब फर्स्ट क्लास क्रिकेट में चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बन गए हैं. पुजारा ने वीवीएस लक्ष्मण को पछाड़ दिया, जिनके फर्स्ट क्लास करियर में 19730 रन थे. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सुनील गावस्कर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय हैं. सुनील गावस्कर ने 348 फर्स्ट क्लास मैचों में 51.46 की औसत से 25834 रन बनाए, जिसमें 81 शतक और 105 अर्धशतक शामिल रहे. वहीं सचिन ने 310 फर्स्ट क्लास मैच खेलकर 57.84 की औसत से 25396 रन बनाए. सचिन के नाम पर फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 81 शतक और 116 अर्धशतक दर्ज हैं. राहुल द्रविड़ 23794 रनों के साथ इस मामले में तीसरे स्थान पर हैं.
पुजारा के फर्स्ट क्लास करियर का यह 17वां दोहरा शतक रहा. पुजारा फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सर्वाधिक दोहरा शतक लगाने के मामले में इंग्लैंड के हर्बर्ट सटक्लिफ और मार्क रामप्रकाश के साथ संयुक्त रूप से चौथे नंबर पर हैं. आपको बता दें कि सर डोनाल्ड ब्रैडमैन 37 दोहरे शतकों के साथ इस मामले में शीर्ष पर हैं. उनके बाद इंग्लैंड के वैली हैमंड हैं, जिन्होंने 36 दोहरे शतक लगाए थे. वहीं इलियास हेनरी हेंड्रेन 22 डबल सेंचुरी के साथ इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं.
पुजारा का ऐसा है रिकॉर्ड
पुजारा ने अबतक 258 फर्स्ट क्लास मैचों में 19812 रन बनाए हैं. पुजारा ने इस दौरान 61 शतक और 77 अर्धशतक लगाए हैं. पुजारा का टेस्ट करियर काफी शानदार रहा है. 35 वर्षीय पुजारा अब तक 103 टेस्ट मैचों में 43.60 की औसत से 7195 रन बना चुके हैं. पुजारा ने शतक जड़कर आलोचकों को भी करारा जवाब दिया है. भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ 25 जनवरी से पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है. ऐसे में ये देखना होगा कि चयनकर्ता पुजार को एक और मौका देते हैं या नहीं.