scorecardresearch
 

पहले ही मैच में सुपरहिट हो गया था IPL, कीवी खिलाड़ी के तूफान में उड़ गई थी RCB

ब्रैंडन मैक्कुलम ने आईपीएल के पहले ही मैच में ऐसी पारी खेली थी, जिसने पूरी दुनिया को चौंका दिया था. मैक्कुलम ने केकेआर के लिए खेलते हुए आरसीबी के खिलाफ 73 गेंदों पर नाबाद 158 रन बनाए थे.

Advertisement
X
आईपीैएल के उद्घाटन मैच में छा गए थे मैक्कुलम. (Photo: Tom Shaw/Getty Images)
आईपीैएल के उद्घाटन मैच में छा गए थे मैक्कुलम. (Photo: Tom Shaw/Getty Images)

भारतीय क्रिकेट के इतिहास में 18 अप्रैल का दिन हमेशा याद रखा जाएगा. 18 साल पहले यानी साल 2008 में इसी दिन दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का आगाज हुआ था. किसी ने भी नहीं सोचा था कि यह टी20 लीग आने वाले समय में क्रिकेट की दुनिया को पूरी तरह बदल देगी.

आईपीएल का पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया था. उस मैच में ऐसा प्रदर्शन देखने को मिला, जिसने आईपीएल को पहले ही दिन सुपरहिट बना दिया. न्यूजीलैंड के दिग्गज खिलाड़ी ब्रैंडन मैक्कुलम ने उस मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए ओपनिंग करते हुए 73 गेंदों पर नाबाद 158 रन ठोक दिए थे. उनकी पारी में 10 चौके और 13 छक्के शामिल थे.

ब्रैंडन मैक्कुलम ने मैदान के चारों ओर ऐसे शॉट लगाए कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए. मैक्कुलम की उस ऐतिहासिक पारी की बदौलत कोलकाता नाइट राइडर्स ने 20 ओवर्स में 3 विकेट पर 222 रन बनाए. जवाब में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु सिर्फ 82 रनों पर सिमट गई और उसे 140 रनों से हार झेलनी पड़ी. उस मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की कप्तानी राहुल द्रविड़ कर रहे थे, जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स की कमान सौरव गांगुली के हाथों में थी.

Advertisement

राजस्थान रॉयल्स ने खिताब जीत चौंकाया
आईपीएल का पहला सीजन भी काफी रोमांचक रहा. राजस्थान रॉयल्स (RR) ने सभी को चौंकाते हुए खिताब अपने नाम किया. शेन वॉर्न की कप्तानी में राजस्थान ने फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 3 विकेट से हराया था. उस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी महेंद्र सिंह धोनी कर रहे थे.

आईपीएल सिर्फ क्रिकेट नहीं, बल्कि यह खेल, ग्लैमर, बिजनेस और मनोरंजन का मिश्रण है. इस लीग के पीछे ललित मोदी की सोच थी. उन्होंने क्रिकेट को एक नए अंदाज में पेश किया और आईपीएल ने देखते ही देखते पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. पहले सीजन की नीलामी भी काफी चर्चा में रही थी. उस समय धोनी सबसे महंगे खिलाड़ियों में शामिल थे और उन्हें करीब 15 लाख डॉलर में खरीदा गया था.

IPL विवादों में भी घिरा
हालांकि आईपीएल का सफर पूरी तरह विवादों से मुक्त नहीं रहा. साल 2010 के फाइनल के बाद ललित मोदी को बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड) से बाहर कर दिया गया. उन पर पैसों की हेराफेरी और वित्तीय अनियमितताओं जैसे गंभीर आरोप लगे थे. इसके बाद साल 2013 में आईपीएल का सबसे बड़ा विवाद सामने आया. राजस्थान रॉयल्स के कुछ खिलाड़ियों पर स्पॉट फिक्सिंग के आरोप लगे. वहीं तत्कालीन बीसीसीआई अध्यक्ष एन श्रीनिवासन के दामाद को अवैध सट्टेबाजी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था.

Advertisement

इन विवादों के बावजूद आईपीएल की लोकप्रियता लगातार बढ़ती गई. आईपीएल सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे अमीर टी20 लीग है. दुनिया भर के क्रिकेटर इस लीग में खेलने का सपना देखते हैं और बाकी देशों की लीग्स अब भी आईपीएल की बराबरी करने के लिए संघर्ष कर रही हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement