scorecardresearch
 

नाइट क्लब व‍िवाद में बेन स्टोक्स की छिन सकती है कप्तानी, ECB लेगा बड़ा एक्शन

इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स की नाइट क्लब मामले में मुश्किलें बढ़ सकती है. ECB उठा सकती है सख्त कदम. इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से हो सकते हैं बाहर.

Advertisement
X
  बेन स्टोक्स की जा सकती है कप्तानी, ECB करेगी जांच (Photo: Reuters)
बेन स्टोक्स की जा सकती है कप्तानी, ECB करेगी जांच (Photo: Reuters)

इंग्लैंड क्रिकेट टीम के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन न्यूजीलैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट जीतने के बाद एक नाइटक्लब में हुए विवाद को लेकर मुश्किलों में घिर गए हैं. 

इस मामले की जांच इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) कर रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों खिलाड़ियों ने टीम पर लागू आधी रात के कर्फ्यू नियम का उल्लंघन किया था.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह झगड़ा इंग्लिश प्रीमियरशिप क्लब सारासेन्स के एक रग्बी खिलाड़ी से जुड़ा था. बताया जा रहा है कि उस खिलाड़ी ने गस एटकिंसन पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन बीच-बचाव कर रहे ECB के सुरक्षा गार्ड को मुक्का लग गया. 

इस घटना में सुरक्षा कर्मी घायल हो गया और उसे टांके लगवाने पड़े. हालांकि शुरुआती जानकारी के अनुसार स्टोक्स और एटकिंसन ने झगड़ा शुरू नहीं किया था. 

यह भी पढ़ें: कमबैक हो तो ऐसा! लॉर्ड्स टेस्ट में छा गया ये अंग्रेज गेंदबाज, कीवी टीम तितर-बितर

ECB को भी बताया गया है कि दोनों खिलाड़ियों ने विवाद की शुरुआत नहीं की, लेकिन यह अभी साफ नहीं है कि सुरक्षा गार्ड के घायल होने के बाद वे किसी तरह की हाथापाई में शामिल हुए या नहीं.

Advertisement

एक सूत्र ने इंग्लिश मीडिया से कहा, 'सारासेन्स का खिलाड़ी इस पूरे विवाद की वजह बना. उसकी पहले से भी ऐसी छवि रही है. मैं नहीं चाहूंगा कि इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान को इस घटना के कारण अपनी कप्तानी गंवानी पड़े'.

ECB ने 8 जून को जारी बयान में कहा, 'पहले टेस्ट मैच के खत्म होने के बाद टीम प्रोटोकॉल के उल्लंघन की जांच की जा रही है. बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन सोमवार एक नाइटक्लब में मौजूद थे, जहां यह घटना हुई. हम मामले की पूरी जानकारी जुटा रहे हैं और दूसरे टेस्ट के लिए टीम की घोषणा उचित समय पर की जाएगी. क्रिकेट रेगुलेटर को भी इस मामले की जानकारी दे दी गई है'.

यदि जांच में बेन स्टोक्स दोषी पाए जाते हैं और उन पर प्रतिबंध लगता है या कप्तानी छिनती है, तो हैरी ब्रूक को इंग्लैंड की टेस्ट टीम की कमान सौंपी जा सकती है. दूसरा टेस्ट 17 जून से ओवल में खेला जाना है.

स्टोक्स और एटकिंसन के बाहर होने की स्थिति में चयनकर्ताओं के सामने टीम संतुलन बनाए रखने की बड़ी चुनौती होगी. एटकिंसन की जगह मैथ्यू फिशर को मौका मिल सकता है, लेकिन स्टोक्स जैसे तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर की भरपाई करना आसान नहीं होगा.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement