आईपीएल 2026 शुरू होने से ठीक पहले दिल्ली कैपिटल्स को बड़ा झटका लगा है. इंग्लैंड के बल्लेबाज बेन डकेट ने टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया है. डकेट को दिल्ली टीम ने नीलामी में 2 करोड़ रुपये की बेस प्राइस पर खरीदा था, लेकिन उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट की तैयारी को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया है. और आईपीएल से अपना नाम वापस ले लिया है.
टूर्नामेंट से 4 दिन पहले लिया फैसला
आईपीएल का 19वां सीजन 28 मार्च से शुरू हो रहा है, लेकिन उससे सिर्फ 4 दिन पहले डकेट ने सोशल मीडिया पर अपना फैसला साझा किया. उन्होंने कहा, यह फैसला लेना मेरे लिए बहुत मुश्किल था, लेकिन काफी सोचने के बाद मैंने आईपीएल से हटने का निर्णय लिया है.
डकेट ने साफ किया कि उनका मुख्य लक्ष्य इंग्लैंड के लिए खेलना है. उन्होंने कहा कि बचपन से मेरा सपना इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व करना रहा है. मैं आने वाले सीजन से पहले खुद को मानसिक और शारीरिक रूप से पूरी तरह तैयार रखना चाहता हूं.
यह भी पढ़ें: IPL 2026: आईपीएल शुरू होने से पहले टीमों में हड़कंप! KKR और SRH की टीम से बाहर हुए ये सूरमा
दिल्ली टीम और फैंस से माफी
डकेट ने अपने फैसले के समय को लेकर दिल्ली टीम और फैंस से माफी भी मांगी. उन्होंने कहा कि वह टीम के लिए खेलने को लेकर उत्साहित थे, लेकिन यह निर्णय टीम की योजनाओं को प्रभावित कर सकता है, इसके लिए उन्हें खेद है.
लग सकता है 2 साल का बैन
डकेट का यह फैसला उन पर भारी पड़ सकता है. आईपीएल के नियमों के मुताबिक, जो खिलाड़ी नीलामी में शामिल होकर बाद में बिना पुख्ता मेडिकल कारण के हटते हैं, उन पर बैन लगाया जा सकता है. आईपीएल नियमों के मुताबिक, ऐसा करने वाले खिलाड़ियों को 2 साल के लिए बैन किया जा सकता है. ऐसे में डकेट पर अगले सीजन और भविष्य की नीलामी से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है.
यह भी पढ़ें: आईपीएल 2026 में नया गेंद नियम लागू, दूसरी पारी में गेंदबाजों को मिलेगा बड़ा फायदा
पहले भी हो चुका है ऐसा मामला
पिछले सीजन में भी ऐसा ही मामला सामने आया था, जब इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने दिल्ली टीम से जुड़ने के बाद नाम वापस ले लिया था. फिलहाल दिल्ली टीम ने डकेट के रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया है. टीम मैनेजमेंट अब नए विकल्पों पर विचार कर रहा है.