न्यूजीलैंड दौरे पर गई बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है. बांग्लादेश ने तीन मैचों की वनडे सीरीज के आखिरी मुकाबले में न्यूजीलैंड को नौ विकेट से हरा दिया. 23 दिसंबर (शनिवार) को नेपियर के मैकलीन पार्क में खेले गए इस मैच में कीवी टीम सिर्फ 98 रनों पर ढेर हो गई थी. 99 रनों के टारगेट को मेहमान टीम ने आसानी से हासिल कर लिया.
बांग्लादेश ने पहली बार न्यूजीलैंड को उसकी जमीन पर किसी वनडे मुकाबले में मात दी है. हालांकि इस हार के बावजूद न्यूजीलैंड की टीम वनडे सीरीज को 2-1 से जीतने में सफल रही. न्यूजीलैंड ने पहले ओडीआई में डीएलस नियम के तहत 44 रनों से जीत हासिल की थी. वहीं दूसरा वनडे उसने सात विकेट से जीता था. विल यंग 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुने गए.
Bangladesh Tour of New Zealand
— Bangladesh Cricket (@BCBtigers)
Bangladesh 🆚 New Zealand | 3rd ODI
Player of the Match:
Tanzim Hasan Sakib (Bangladesh) | 3/14 Wickets | |
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने शुरू से ही नियमित अंतराल में विकेट गंवाए. 'प्लेयर ऑफ द मैच' रहे तेज गेंदबाज तंजीम हसन शाकिब ने पावरप्ले में रचिन रवींद्र और हेनरी निकोल्स को चलता किया. फिर दूसरे तेज गेंदबाज शोरिफुल इस्लाम ने कप्तान टॉम लैथम, विल यंग और मार्क चैपमैन को आउट करके कीवी टीम की हालत खस्ता कर दी. मेजबान टीम की पारी यहां से संभल नहीं पाई और वो सिर्फ 31.4 ओवर्स ही खेल पाई.
न्यूजीलैंड के लिए विल यंग (26), टॉम लैथम (21), जोश क्लार्कसन (16) और आदित्य अशोक (10) ही डबल डिजिट में पहुंच पाए. बांग्लादेशी टीम की ओर से तंजीम हसन शाकिब, शोरिफुल इस्लाम और सौम्य सरकार ने तीन-तीन खिलाड़ियों को आउट किया. वहीं मुस्तफिजुर रहमान को एक सफलता हाथ लगी.
कप्तान शंतो ने खेली अर्धशतकीय पारी
99 रनों के टारगेट को बांग्लादेश ने 15.1 ओवरों में हासिल कर लिया. कप्तान नजमुल हुसैन शंतो ने 42 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 51 रन बनाए, जिसमें आठ चौके शामिल रहे. वहीं अनामुल हक ने 7 चौके की मदद से 33 गेंदों पर 37 रनों की पारी खेली. न्यूजीलैंड की ओर से विलियम ओरूर्के ने एक विकेट लिया.