भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आईपीएल 2026 के बीच खिलाड़ियों के व्यवहार और सोशल मीडिया एक्टिविटी को लेकर बड़ा कदम उठाया है. पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को टूर्नामेंट के दौरान व्लॉग और वीडियो बनाने से रोक दिया गया है. बताया जा रहा है कि हालिया विवादों के बाद बोर्ड ने यह सख्त फैसला लिया.
अर्शदीप सिंह आईपीएल 2026 के दौरान पंजाब किंग्स के खिलाड़ियों के साथ लगातार व्लॉग और बिहाइंड-द-सीन वीडियो बना रहे थे. ये वीडियोज सोशल मीडिया पर भी शेयर किए जा रहे थे. हालांकि, कुछ कंटेंट विवादों में आ गया, जिसके बाद मामला BCCI तक पहुंचा.
एक वीडियो में अर्शदीप साथी खिलाड़ी शशांक सिंह की कैचिंग का मजाक उड़ाते दिखे थे. वहीं दूसरे वीडियो में स्पिनर युजवेंद्र चहल फ्लाइट के अंदर कथित तौर पर वेपिंग (ई सिगरेट पीते हुए) करते नजर आए थे. इन वीडियोज ने सोशल मीडिया पर काफी चर्चा बटोरी और बोर्ड ने इसे गंभीरता से लिया.
सूत्रों के मुताबिक, 7 मई को BCCI द्वारा जारी एडवाइजरी के बाद अर्शदीप सिंह को साफ तौर पर कहा गया कि वे टूर्नामेंट खत्म होने तक कोई व्लॉग या वीडियो शूट न करें और सोशल मीडिया पर टीम से जुड़ा कोई कंटेंट पोस्ट न डालें.
यह भी पढ़ें: IPL 2026: होटल से ड्रेसिंग रूम तक कड़ा पहरा... BCCI ने जारी की 8 पन्नों की एडवाइजरी, नियम तोड़ने पर एक्शन तय
सिर्फ खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि फ्रेंचाइजी और खिलाड़ियों के परिवारों को भी निर्देश दिए गए हैं कि होटल, ड्रेसिंग रूम, टीम ट्रैवल और वेन्यू से जुड़ी किसी भी गतिविधि का कंटेंट सार्वजनिक न किया जाए. अगर कोई वीडियो शूट भी किया जाता है तो उसे आईपीएल खत्म होने के बाद ही पोस्ट करने को कहा गया है.
यह भी पढ़ें: चहल ने की पराग की तरह शर्मनाक हरकत? VIDEO से मचा बवाल
दरअसल, इस सीजन कई विवाद सामने आने के बाद BCCI ने अपना रुख और सख्त कर लिया है. बोर्ड ने टीमों के साथ अनाधिकृत लोगों के सफर करने और होटल में ठहरने पर भी रोक लगाने का फैसला किया है. टीम मालिकों की खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ तक तय दायरे से बाहर पहुंच पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है.
यह भी पढ़ें: IPL में हनीट्रैप का अलर्ट, BCCI ने सुनाया सख्त फरमान, होटल रूम में बाहरियों की 'नो एंट्री'
रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ खिलाड़ी अपनी गर्लफ्रेंड्स के साथ यात्रा कर रहे थे और टीम होटल में उनके रुकने की भी जानकारी मिली थी. इसके बाद एंटी करप्शन यूनिट (ACU) सतर्क हो गई. BCCI ने फ्रेंचाइजियों को एडवाइजरी भेजकर खिलाड़ियों को हनी ट्रैप और अन्य विवादों से बचाने की सलाह दी है.
यह भी पढ़ें: नियम हैं या मजाक, वाह रे BCCI! रियान पराग की ‘हल्की सजा’ से क्या सीखेगी IPL की यंग ब्रिगेड?
आईपीएल 2026 में इससे पहले राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ड्रेसिंग रूम में वेपिंग करते दिखाई दिए थे. वहीं टीम मैनेजर रोमी भिंडर डगआउट के पास मोबाइल इस्तेमाल करते नजर आए थे. इन घटनाओं के बाद बोर्ड अब टूर्नामेंट के भीतर अनुशासन और गोपनीयता को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरतना चाहता.