scorecardresearch
 

क्यों आए वेनेजुएला 7 तीव्रता के लगातार दो भूकंप... जानिए साइंटिफिक वजह

वेनेजुएला में बुधवार शाम दो शक्तिशाली भूकंप आए. USGS के अनुसार पहले 7.1 और दूसरे 7.5 तीव्रता के भूकंप ने काराकास में कई इमारतें गिरा दीं. लोग सड़कों पर आ गए. सुनामी की चेतावनी भी जारी की गई.

Advertisement
X
वेनेजुएला के काराकस में गिरी इमारत से लोगों को खोजते राहतकर्मी. (Photo: Reuters)
वेनेजुएला के काराकस में गिरी इमारत से लोगों को खोजते राहतकर्मी. (Photo: Reuters)

वेनेजुएला की राजधानी काराकास समेत देश के कई इलाकों में बुधवार शाम को दो शक्तिशाली भूकंप आए, जिनकी वजह से कई इमारतें ढह गईं. अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, पहला भूकंप 7.1 तीव्रता का था, जिसका केंद्र मोरॉन समुदाय के पश्चिम में था. ये देश के कैरेबियन तट पर स्थित है. काराकास से करीब 168 किलोमीटर दूर. इसकी गहराई 13 किलोमीटर थी. 

कुछ मिनट बाद दूसरा और भी बड़ा 7.5 तीव्रता का भूकंप आया, जिसकी गहराई 10 किलोमीटर थी. केंद्र मोरॉन से 16 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में था. इन भूकंपों ने पूरे क्षेत्र में भारी तबाही मचाई. लोग सड़कों पर निकल आए, इमारतों की दीवारें गिर गईं और धूल के गुबार उठते दिखे. 

यह भी पढ़ें: फिलीपींस में भूकंप, समंदर से निकल आई 200 मीटर जमीन, एक आइलैंड का नक्शा बदला

आंतरिक मंत्री डियोस्डाडो काबेलो ने बताया कि कई राज्यों में झटके महसूस किए गए, खासकर काराकास के अल्तामिरा इलाके में भारी नुकसान हुआ. उन्होंने लोगों से बाहर रहने और आफ्टरशॉक्स से सावधान रहने की अपील की है.

Venezuela earthquake

भूकंप क्यों आया? 

भूकंप पृथ्वी की टेक्टॉनिक प्लेट्स की गति से होते हैं. वेनेजुएला कैरेबियन प्लेट और साउथ अमेरिकन प्लेट की सीमा पर स्थित है. कैरेबियन प्लेट साउथ अमेरिकन प्लेट के सापेक्ष पूर्व दिशा में लगभग 20 मिलीमीटर प्रति वर्ष की गति से खिसक रही है. यह क्षेत्र मुख्य रूप से ट्रांसफॉर्म बाउंड्री है, जहां प्लेट्स एक-दूसरे के बगल से गुजरती हैं, जैसे सैन सेबेस्टियन और एल पिलार फॉल्ट सिस्टम. जब प्लेट्स फंस जाती हैं और तनाव बढ़ता है, तो अचानक फिसलन होती है, जिससे भूकंप आता है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: जापान और चीन में शक्तिशाली भूकंप से हिली धरती, ऑफ्टरशॉक्स का अलर्ट

इस बार के भूकंप उथले थे (10-13 किमी गहराई), इसलिए उनका प्रभाव ज्यादा था. उथले भूकंप सतह पर ज्यादा कंपन पैदा करते हैं. यह क्षेत्र सदियों से सक्रिय है. 1812 और 1900 में भी काराकास के आसपास 7+ तीव्रता के भूकंप आए थे. इस प्लेट बाउंड्री का बड़ा हिस्सा 'लॉक्ड' है यानी तनाव जमा हो रहा है, जो 8 तीव्रता तक के भूकंप पैदा कर सकता है.

इस डबलेट इवेंट (फोरशॉक के तुरंत बाद मेनशॉक) ने ऊर्जा रिलीज की, जो क्षेत्र की जटिल भू-संरचना का नतीजा है. NW-SE दिशा की सहायक फॉल्ट्स भी यहां सक्रिय हैं, जो स्ट्राइक-स्लिप मोशन पैदा करती हैं.

यह भी पढ़ें: 1000 साल से कैलिफोर्निया के नीचे जमा हो रहा प्रेशर, आएगा 'महा-भूकंप', बर्बाद हो जाएगा लॉस एंजेलिस

Venezuela earthquake

काराकास में तबाही और मानवीय प्रभाव

काराकास में लोग हिलती इमारतों से बाहर भागे. कई जगह दीवारें गिर गईं. फर्नीचर सड़क से दिखने लगा. धूल के गुबार और ढही इमारतों ने दहशत फैला दी. मंत्री काबेलो ने कहा कि कुछ लोग घायल हुए हैं. एम्बुलेंस के लिए रास्ता साफ करने की अपील की. बच्चों और बुजुर्गों का खास ख्याल रखने को कहा गया.

रेस्क्यू टीम्स सक्रिय हैं, लेकिन आफ्टरशॉक्स का खतरा बना हुआ है. यह घटना देश की पुरानी इमारतों और भूकंप प्रतिरोधी ढांचे की कमजोरियों को उजागर करती है. वेनेजुएला पहले से आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है, ऐसे में राहत और पुनर्निर्माण की बड़ी चुनौती होगी.

Advertisement

यह भी पढ़ें: 2500 डैमेज मकान, 41 मौतें, घायलों की कतार... भूकंप से तबाह मुल्क का मंजर! Photos

सुनामी चेतावनी: क्यों जारी की गई और क्यों रद्द?

US पैसिफिक सुनामी वार्निंग सेंटर ने प्यूर्टो रिको और वर्जिन आइलैंड्स के लिए सुनामी अलर्ट जारी किया. उथले समुद्री भूकंप (खासकर 7+ तीव्रता) समुद्र तल को हिला सकते हैं, जिससे पानी के बड़े-बड़े तरंगें (सुनामी) बन सकती हैं. इस बार का केंद्र कैरेबियन तट के पास था, इसलिए आसपास के द्वीपों और वेनेजुएला के तटीय इलाकों में खतरा था. अलर्ट में कहा गया कि समुद्र तल में उतार-चढ़ाव और तेज धाराएं बन सकती हैं.

यह भी पढ़ें: महाभूकंप से तबाही, डरा गई सुनामी भी... फिलीपींस की गलियां बर्बादी की गवाही, Video

Venezuela earthquake

हालांकि, बाद में अलर्ट रद्द कर दिया गया क्योंकि कोई बड़ा सुनामी नहीं आया. सुनामी हमेशा नहीं आती; यह निर्भर करता है कि भूकंप कितना उथला था, फॉल्ट की दिशा क्या थी और समुद्र तल कितना प्रभावित हुआ. इस घटना ने दिखाया कि तैयारियां कितनी जरूरी हैं, खासकर कैरेबियन क्षेत्र में जहां कई छोटे-बड़े द्वीप हैं.

वेनेजुएला भूकंप क्षेत्र में है. पिछले दशकों में 6+ तीव्रता के कई झटके आए हैं. 1967 का भूकंप भी भारी नुकसान पहुंचा चुका है. वैज्ञानिक चेतावनी देते हैं कि प्लेट बाउंड्री पर तनाव जमा हो रहा है, इसलिए बड़े भूकंप की आशंका बनी रहती है. भूकंप पूर्वानुमान मुश्किल है, लेकिन बेहतर बिल्डिंग कोड, जागरूकता और इमरजेंसी प्लान से नुकसान कम किया जा सकता है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: बैक-टू-बैक भूकंप! क्यूबा में 150 साल बाद ऐसे झटके, ईरान में भी हिली धरती

इस घटना ने वैश्विक स्तर पर भी ध्यान खींचा. अंतरराष्ट्रीय मदद की जरूरत पड़ सकती है. वेनेजुएला सरकार को पारदर्शी तरीके से राहत कार्य चलाने चाहिए ताकि प्रभावित लोग जल्दी सामान्य जीवन में लौट सकें.

ये भूकंप हमें याद दिलाते हैं कि पृथ्वी गतिशील है. हमारी टेक्टॉनिक प्लेट्स लगातार काम कर रही हैं. वैज्ञानिक समझ बढ़ाने, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने और लोगों को शिक्षित करने से ऐसे आपदाओं का असर कम हो सकता है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement