scorecardresearch
 

खारे पानी की झील के नीचे मिला विशालकाय मीठे पानी का भंडार... वैज्ञानिक हैरान

अमेरिका के यूटा की ग्रेट सॉल्ट लेक के नीचे एक विशाल मीठे पानी का भंडार मिला है. यूनिवर्सिटी ऑफ यूटा के वैज्ञानिकों ने हेलीकॉप्टर सर्वे से पता लगाया कि यह मीठा पानी 3-4 किलोमीटर गहराई तक फैला हो सकता है. झील का पानी बहुत खारा है, लेकिन नीचे का पानी ताजा है. यह खोज जल संकट और प्रदूषण कम करने में मदद कर सकती है.

Advertisement
X
ये है यूटा की ग्रेट सॉल्ट लेक जिसका पानी बेहद खारा है. इसके नीचे साफ पानी का बड़ा भंडार मिला है. (File Photo: Getty)
ये है यूटा की ग्रेट सॉल्ट लेक जिसका पानी बेहद खारा है. इसके नीचे साफ पानी का बड़ा भंडार मिला है. (File Photo: Getty)

ग्रेट सॉल्ट लेक (Great Salt Lake) का नाम उसके बेहद खारे पानी के कारण पड़ा है. यह झील अमेरिका के यूटा राज्य में है. दुनिया की सबसे बड़ी खारे पानी की झीलों में से एक है. लेकिन एक नई वैज्ञानिक स्टडी में हैरान करने वाली खोज हुई है. यूनिवर्सिटी ऑफ यूटा के रिसर्चर्स ने पता लगाया है कि इस खारे पानी की झील के नीचे बहुत बड़ा मीठे पानी का भंडार छिपा हुआ है. 

रिसर्चर्स ने हेलीकॉप्टर से एयरबोर्न इलेक्ट्रोमैग्नेटिक सर्वे (AEM Survey) किया. यह एक खास तकनीक है जो हवा से ही जमीन के नीचे क्या है, यह पता लगाती है. सर्वे झील के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में, खासकर फार्मिंगटन बे क्षेत्र में किया गया. AEM सर्वे दो मुख्य काम करता है – पहला, इलेक्ट्रिकल कंडक्टिविटी नापता है. इससे खारे पानी और मीठे पानी में फर्क आसानी से पता चल जाता है. 

यह भी पढ़ें: NASA चंद्रमा पर बनाएगा स्थाई इंसानी बेस... 1.87 लाख करोड़ के मिशन का ऐलान

दूसरा, यह चट्टानों की बनावट भी देखता है. इससे वैज्ञानिकों को पता चला कि झील के नीचे की चट्टानी परत अचानक बहुत नीचे चली जाती है. इससे एक बड़ा खाली स्थान बनता है जो रेत और गाद से भरा हुआ है. यह जगह पूरी तरह मीठे पानी से भरी हुई है.

Advertisement

मीठा पानी कितना गहरा और कितना बड़ा है?

भूभौतिकी विशेषज्ञ माइकल ज़दानोव ने बताया कि सर्वे से पता चला है कि यह मीठा पानी 3 से 4 किलोमीटर की गहराई तक फैला हो सकता है. हालांकि, अभी सिर्फ झील के एक छोटे हिस्से का सर्वे हुआ है. पूरी झील का सर्वे नहीं हुआ है, इसलिए अभी सही आकार और सीमा तय नहीं की जा सकती.

 hidden freshwater beneath saline lake

लेकिन इतना तो जरूर पता चल गया है कि मीठा पानी झील के पूर्वी किनारे के नीचे काफी दूर तक फैला हुआ है. इससे पहले वैज्ञानिकों को अंदेशा था कि झील के कुछ द्वीपों पर उग रहे सरकंडे की वजह से नीचे मीठा पानी हो सकता है, लेकिन यह पहली बार है जब इसके आकार का पता चला है.  

हाइड्रोलॉजिस्ट बिल जॉनसन ने कहा कि हमें यह उम्मीद नहीं थी कि मीठा पानी झील के अंदरूनी हिस्सों तक इतना फैला होगा. यह संभव है कि यह पूरे झील के नीचे मौजूद हो, लेकिन अभी हमें पूरी तरह पता नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि यह खोज बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि झील का पानी लगातार सूख रहा है.

यह भी पढ़ें: कहां है ईरान का बुशहर न्यूक्लियर प्लांट जिसके कैंपस में हुआ हमला, रूस का क्या है इससे कनेक्शन 

Advertisement

सूखने से झील की मिट्टी में मौजूद जहरीली धातुएं हवा में उड़ रही हैं, जो आसपास के शहरों के लिए स्वास्थ्य खतरा बन रही हैं. इस मीठे पानी का इस्तेमाल करके धूल को गीला किया जा सकता है. प्रदूषण कम किया जा सकता है. लेकिन इससे पहले इसके सारे प्रभावों को समझना जरूरी है.

व्यावहारिक महत्व और आगे की योजना

झील सूख रही है, जिससे धूल और प्रदूषण बढ़ रहा है. अगर यह मीठा पानी निकाला जा सके तो झील के आसपास की समस्या कम हो सकती है. रिसर्चर्स अब पूरी झील का विस्तृत सर्वे करना चाहते हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह भंडार कितना बड़ा है और कहां तक फैला है.

इससे न सिर्फ यूटा के वाटर मैनेजमेंट में मदद मिलेगी, बल्कि दुनिया के अन्य झीलों की स्टडी में भी नई दिशा मिल सकती है. यह अध्ययन हाल ही में Scientific Reports जर्नल में प्रकाशित हुआ है.                                                                       रिपोर्टः अनन्या सिंह

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement