Fragrance Vastu For Luck: क्या आपने कभी सोचा है कि मंदिर या किसी साफ-सुथरे बगीचे में जाते ही मन एकदम शांत क्यों हो जाता है? इसका बड़ा कारण वहां की खुशबू है. वास्तु शास्त्र के अनुसार, सिर्फ घर की सजावट ही नहीं, बल्कि वहां की महक भी आपकी किस्मत पर असर डालती है. खुशबू एक अदृश्य शक्ति की तरह काम करती है, जो तनाव को दूर करके भाग्य के दरवाजे खोलने में मदद करती है.
घर में होने वाली आर्थिक तंगी या बिना बात के तनाव के पीछे कई बार वास्तु दोष होता है. ऐसे में सही खुशबू घर की नकारात्मकता को खत्म कर उसे सकारात्मक ऊर्जा से भर देती है. इससे आपका मन शांत रहता है और सोचने का नजरिया भी बदलता है.
घर के लिए 10 जादुई सुगंध और उनके प्रभाव
चंदन: इसकी महक घर की नकारात्मक ऊर्जा को खत्म करने में अचूक मानी जाती है. इसका नियमित उपयोग पितृदोष और देवदोष से भी मुक्ति दिलाता है.
गुलाब: गुलाब की भीनी-भीनी महक मन का तनाव दूर कर शांति देती है. घर में गुलाब के इत्र का प्रयोग आपसी प्रसन्नता और प्रेम को बढ़ाता है.
मोगरा: गर्मियों में खिलने वाला मोगरा न केवल वातावरण को ताजगी देता है, बल्कि यह घर की चिंताओं को दूर भगाने में भी मदद करता है.
पारिजात (हरसिंगार): इसे घर में शांति और सकारात्मकता का प्रतीक माना गया है. इसे आंगन में लगाने से थकान मिटती है .
केवड़ा: केवड़े की महक मन को अद्भुत शीतलता प्रदान करती है. यह न केवल मानसिक शांति देता है, बल्कि याददाश्त को तेज करने में भी सहायक है.
लैवेंडर: यह तनाव कम करने का सबसे बेहतरीन प्राकृतिक साधन है. इसकी खुशबू घर में शांति बनाए रखती है, अच्छी नींद लाने में मदद करती है.
दालचीनी: इसकी गर्म और मीठी खुशबू घर में सुरक्षा और सुकून का एहसास लाती है, जो परिवार के सदस्यों को एक-दूसरे के करीब लाती है.
पुदीना (मिंट): इसकी ताजी महक मन को हमेशा सतर्क और ऊर्जावान रखती है, जिससे घर के लोगों की कार्यक्षमता बढ़ती है.
नींबू (लेमन ग्रास): इसकी खट्टी-मीठी और ताजी सुगंध घर की गंदगी और भारीपन को दूर करने के लिए बेहतरीन है.
कपूर: इसकी शुद्ध और तेज खुशबू न केवल पूजा घर में पवित्रता लाती है, बल्कि घर से नकारात्मक शक्तियों और बुरी नजर का नाश करती है.
सुगंध का सही इस्तेमाल कैसे करें?
खुशबू का प्रभाव तभी मिलता है जब उसे सही तरीके से उपयोग किया जाए. अपने घर के अलग-अलग कोनों में नेचुरल इत्र या एसेंशियल ऑयल डिफ्यूजर का उपयोग करना बहुत फायदेमंद होता है. इसके अलावा, अपने घर में हमेशा ताजे फूल रखें, क्योंकि ये प्राकृतिक ऊर्जा के सबसे बड़े स्रोत हैं.