ग्रहों के सेनापति मंगल ग्रह 2 अगस्त को रात 10 बजकर 59 मिनट पर मिथुन राशि में गोचर करने वाले हैं. मंगल 18 सितंबर तक मिथुन राशि में ही रहने वाले हैं. ज्योतिष में मंगल को साहस, ऊर्जा, पराक्रम और भूमि का कारक ग्रह माना जाता है. ज्योतिषविदों का कहना है कि मंगल का इस राशि परिवर्तन का सभी जातकों पर असर पड़ेगा. हालांकि मिथुन, कन्या और मकर राशि के जातकों के लिए यह परिवर्तन विशेष रूप से शुभ संकेत लेकर आ सकता है. इनके रुके हुए काम पूरे हो सकते हैं. करियर में नए अवसर मिल सकते हैं. आर्थिक स्थिति में सुधार की संभावना भी है.
मिथुन राशि
मंगल का आपकी ही राशि में प्रवेश आत्मविश्वास और व्यक्तित्व को मजबूत बना सकता है. कारोबार करने वालों को नए ग्राहकों से लाभ मिलने की संभावना रहेगी. कार्यक्षेत्र में आपकी मेहनत और नेतृत्व क्षमता की सराहना हो सकती है. नए प्रोजेक्ट या नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं. आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर रहने के संकेत हैं और अचानक धन लाभ के अवसर भी बन सकते हैं. परिवार और मित्रों का सहयोग मिलेगा, जिससे मन प्रसन्न रहेगा. लंबे समय से लंबित मामलों में स्पष्टता आएगी और महत्वपूर्ण फैसले लेने का साहस बढ़ सकता है.
कन्या राशि
कन्या राशि के जातकों के लिए मंगल का यह गोचर करियर के लिहाज से शुभ परिणाम दे सकता है. व्यापार में विस्तार के नए अवसर मिल सकते हैं. सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास चुनौतियों का सामना करने में मदद करेंगे. यदि लंबे समय से घर, जमीन या वाहन खरीदने की योजना बना रहे हैं तो यह समय अनुकूल साबित हो सकता है. नौकरीपेशा लोगों को वरिष्ठ अधिकारियों का सहयोग मिल सकता है. पदोन्नति या नई जिम्मेदारी मिलने की संभावना भी बन सकती है. आर्थिक स्थिति मजबूत रहने और निवेश से लाभ मिलने के संकेत हैं.
मकर राशि
मकर राशि वालों के लिए मंगल गोचर नई संभावनाएं लेकर आ सकता है. कार्यक्षेत्र में नई जिम्मेदारियां मिलने के योग हैं, जो भविष्य में लाभदायक साबित हो सकती हैं. लंबे समय से रुके हुए कार्य पूरे होने लगेंगे और मेहनत का अच्छा परिणाम मिल सकता है. आर्थिक मामलों में स्थिरता आएगी और आय के नए स्रोत बनने की संभावना है. लाभदायक यात्रा के योग बन सकते हैं. किसी प्रतिष्ठित संस्था या बड़ी कंपनी से आकर्षक प्रस्ताव मिलने की संभावना भी रहेगी. परिवार के सदस्यों के साथ संबंध मधुर होंगे और घर का वातावरण सुखद बना रहेगा.