राजस्थान के बाड़मेर में प्रेमिका से मिलने गए युवक की पीट-पीटकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि युवक प्रेमिका से मिलने के लिए रात में उसके घर पर चला गया और इसी दौरान प्रेमिका के पिता ने दोनों को एक साथ देख लिया.
इसके बाद युवती के पिता ने धारदार हथियार से वार कर युवक की हत्या कर दी. उसके बाद शव को सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया गया. घटना बाड़मेर जिले के समदड़ी थाना क्षेत्र के मजल गांव की है जहां रविवार की रात को यह हत्या की वारदात हुई है.
जानकारी के मुताबिक समदड़ी के जेठंतरी गांव का रहने वाला 28 साल का हितेश मजल गांव में अपनी प्रेमिका से मिलने गया था. युवती के पिता ने हितेश को अपनी बेटी से मिलते हुए देख लिया.
आरोप है कि गुस्साए युवती के पिता ने हितेश पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया जिससे उसकी वहीं मौत हो गई. इसके बाद शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया. जैसे ही सुबह सड़क के किनारे युवक का शव मिला तो ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी.
मौके पर पहुंची समदड़ी पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए और मृतक के शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया. मृतक युवक के पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी बाप-बेटी के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
मृतक हितेश के पिता वागाराम ने बताया कि लड़की ने हितेश को फोन कर धोखे से बुलाया. इसके बाद बाप-बेटी ने धारदार हथियारों से मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया और शव झाड़ियों में फेंक दिया.
कॉल रिकॉर्ड खंगालेगी पुलिस
वहीं इस हत्या को लेकर समदड़ी थानाधिकारी ने बताया कि मृतक युवक के पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है. पुलिस शव का पोस्टमार्टम करवा रही है.
थानाधिकारी शारदा के मुताबिक युवक की हत्या में युवती क्या रोल रहा है, इसकी पुलिस जांच कर रही है. मृतक युवक और युवती में किस तरह का संबंध था यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. ऐसे में पुलिस मृतक युवक और युवती की कॉल डिटेल खंगाल रही है जिसके बाद इस हत्या का खुलासा होगा.