scorecardresearch
 

RSS के कार्यक्रम को लेकर राजस्थान यूनिवर्सिटी में बवाल, लाठीचार्ज और हिरासत से गरमाया कैंपस

जयपुर में राजस्थान यूनिवर्सिटी परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रस्तावित कार्यक्रम के विरोध में NSUI कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया. बैरिकेड तोड़ने की कोशिश पर पुलिस और छात्रों में धक्का-मुक्की हुई. हालात बिगड़ने पर हल्का लाठीचार्ज किया गया. कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया. कार्यक्रम को लेकर छात्र संगठनों के बीच तनाव बना हुआ है.

Advertisement
X
पुलिस से भिड़े छात्र.(Photo: Vishal Sharma/ITG)
पुलिस से भिड़े छात्र.(Photo: Vishal Sharma/ITG)

जयपुर में राजस्थान यूनिवर्सिटी परिसर एक बार फिर राजनीतिक टकराव का केंद्र बन गया, जब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर छात्र संगठनों के बीच विवाद भड़क उठा. संविधान पार्क में आयोजित होने वाले 'मातृशक्ति संवाद कार्यक्रम' के विरोध में कांग्रेस के छात्र संगठन NSUI ने प्रदर्शन शुरू कर दिया.

प्रदर्शन के दौरान NSUI कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार की ओर बढ़े. पहले से तैनात पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स तोड़ने का प्रयास किया. इससे माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया और स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी.

यह भी पढ़ें: जयपुर: पति की हत्या कर कचरा गाड़ी में फेंका शव, फिर डंपयार्ड पहुंची और लगा दी आग

देखते ही देखते पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई. हालात काबू से बाहर होते देख पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठियां भांजी गईं, जिसमें कुछ छात्रों को मामूली चोटें आईं.

कार्यक्रम को लेकर विवाद गहराया

दरअसल, विश्वविद्यालय परिसर में RSS के 'प्रबुद्ध जन संवाद एवं सांगठनिक विस्तार' कार्यक्रम का आयोजन प्रस्तावित था. इसी आयोजन के विरोध में NSUI ने प्रदर्शन किया और कार्यक्रम पर आपत्ति जताई.

Advertisement

NSUI का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन और राज्य सरकार शैक्षणिक संस्थानों का भगवाकरण करने की कोशिश कर रहे हैं. संगठन का कहना है कि विश्वविद्यालय शिक्षा और शोध का केंद्र है, न कि किसी विशेष विचारधारा के प्रचार का मंच.

प्रदर्शन के दौरान हालात बिगड़ने पर पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को मौके से हिरासत में लिया और थाने भेज दिया. पूरे परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में रखा गया.

जयपुर

छात्र संगठनों के बीच टकराव

इस मुद्दे पर ABVP और NSUI कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिससे तनाव और बढ़ गया. दोनों संगठनों के बीच नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन के कारण परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया.

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने की कोशिश की और किसी भी बड़ी घटना को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी.

फिलहाल, विश्वविद्यालय परिसर में हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं, लेकिन कार्यक्रम को लेकर विवाद ने परिसर की सियासत को एक बार फिर गरमा दिया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement