scorecardresearch
 

पर्ची काटने वाला 8वीं पास बना डॉक्टर! राजस्थान में फर्जी डिग्री वाले कर रहे इलाज

राजस्थान SOG ने फर्जी डिग्री के जरिए डॉक्टर बनने के कथित मामले में दो आरोपियों पंकज यादव और नानजीराम चौधरी को गिरफ्तार किया है. पंकज पर कजाकिस्तान से MBBS करने के बाद FMGE में सफल न होने पर बिहार के मेडिकल कॉलेज की फर्जी डिग्री और अंकतालिका से राजस्थान मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन कराने का आरोप है.

Advertisement
X
राजस्थान में फर्जी डिग्री से डॉक्टर बनने का आरोप, SOG ने दो को किया गिरफ्तार.(Representative image)
राजस्थान में फर्जी डिग्री से डॉक्टर बनने का आरोप, SOG ने दो को किया गिरफ्तार.(Representative image)

राजस्थान में फर्जी डिग्रियों के सहारे डॉक्टर बनने के कथित खेल का बड़ा खुलासा हुआ है. स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप राजस्थान ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीकर निवासी पंकज यादव और जालोर के रानीवाड़ा निवासी नानजीराम चौधरी के रूप में हुई है. आरोप है कि एक ने MBBS की फर्जी डिग्री के आधार पर रजिस्ट्रेशन कराया, तो दूसरे ने गायनेकोलॉजी में डिप्लोमा के फर्जी दस्तावेज पेश किए. जांच में एक आरोपी के आठवीं पास होने की बात भी सामने आई है.

एसओजी के एडीजी विशाल बंसल के मुताबिक, आरोपी पंकज ने साल 2013 से 2018 के बीच कजाकिस्तान से MBBS की पढ़ाई की थी. इसके बाद उसने फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट्स एग्जामिनेशन यानी FMGE की करीब छह बार परीक्षा दी, लेकिन सफल नहीं हो सका. इसके बाद उसने बिहार के एक मेडिकल कॉलेज के नाम से MBBS की डिग्री और अंकतालिका तैयार करवाई. इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर राजस्थान मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन करवाया. जब संबंधित संस्थानों से दस्तावेजों का सत्यापन कराया गया, तो मामला खुल गया.

जांच के मुताबिक, श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज, मुजफ्फरपुर में आरोपी का पंजीयन नहीं मिला. वहीं, आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय, पटना से प्राप्त जवाब के अनुसार उसकी डिग्री और अंकतालिका फर्जी पाई गई. SOG ने पंकज यादव को हरियाणा के कैथल से गिरफ्तार किया.

फर्जी दस्तावेज पेश किए

वहीं, आरोपी नानजीराम चौधरी ने मुंबई स्थित The College of Physicians and Surgeons से गायनेकोलॉजी और ऑब्स्टेट्रिक्स के डिप्लोमा से जुड़े फर्जी दस्तावेज पेश किए. सत्यापन के दौरान डिप्लोमा प्रमाणपत्र, अलॉटमेंट लेटर, पासिंग सर्टिफिकेट और अटेस्ट सर्टिफिकेट फर्जी पाए जाने की जानकारी सामने आई.

Advertisement

सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि आरोपी नानजीराम केवल आठवीं कक्षा तक पढ़ा है. इसके बावजूद उसके द्वारा दसवीं-बारहवीं की अंकतालिकाएं, MBBS की डिग्री और गायनेकोलॉजी डिप्लोमा के दस्तावेज प्रस्तुत किए. जांच में नानजीराम के पुराने कामकाज की जानकारी भी सामने आई है. बताया गया है कि उसने शुरुआत में एक निजी चिकित्सक के क्लीनिक पर ओपीडी काउंटर में पर्चियां काटने का काम किया. इसके बाद रेडीमेड कपड़ों की दुकान पर काम किया और फिर अस्पताल से जुड़ा. वर्ष 2015 में उसने अस्पताल खरीदा और 2016 में उसका नाम बदलकर भास्कर हॉस्पिटल कर दिया.

मामला दर्ज करवाया गया था

SOG के मुताबिक, इस मामले में राजस्थान मेडिकल काउंसिल की रिपोर्ट के आधार पर 6 अक्टूबर 2024 को जयपुर के अशोक नगर थाने में मामला दर्ज कराया गया था. शुरुआत में 8 लोगों के खिलाफ शिकायत दी गई थी. जांच के दौरान नानजीराम चौधरी के संबंध में भी अतिरिक्त रिपोर्ट पेश की गई. फिलहाल SOG दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement