राजस्थान के कोटा जिले के दरा क्षेत्र में रेलवे अंडरब्रिज निर्माण कार्य के दौरान गुरुवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया. निर्माणाधीन अंडरब्रिज स्थल पर निरीक्षण करने पहुंचे रेलवे के दो इंजीनियर अचानक मिट्टी धंसने की चपेट में आ गए. हादसे में दोनों अधिकारियों की मौत हो गई. घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और रेलवे विभाग सहित प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया.
जानकारी के अनुसार, दरा क्षेत्र में रेलवे अंडरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा था, जहां ब्लॉक सेट किए गए थे. गुरुवार रात करीब 8:15 बजे लेबर का काम खत्म होने के बाद रेलवे इंजीनियर प्रभात सिंह और पंकज कुमार झा निर्माण स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे थे. इसी दौरान अचानक ऊपर से मिट्टी खिसक गई और दोनों अधिकारी उसकी चपेट में आ गए.
यह भी पढ़ें: 'एग्जाम सेंटर्स पर जूते-कपड़े तक जांचते हैं, लेकिन लीक नहीं रोक पाते', कोटा के छात्रों का फूटा गुस्सा
हादसे में एक इंजीनियर मौके पर ही मिट्टी में दब गया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों, स्थानीय लोगों और पुलिस टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. जेसीबी मशीन की मदद से करीब 10 मिनट में दोनों अधिकारियों को बाहर निकाला गया और तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
अस्पताल में तोड़ा दम
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने प्रभात सिंह को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल पंकज कुमार झा को इलाज के लिए कोटा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई.
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया. मौके पर राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया. निर्माण स्थल के आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे.
रामगंजमंडी के डिप्टी एसपी घनश्याम मीणा ने बताया कि रेलवे अंडरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा था और लेबर का काम खत्म होने के बाद दोनों इंजीनियर साइट का निरीक्षण करने पहुंचे थे. इसी दौरान अचानक मिट्टी खिसक गई और दोनों उसकी चपेट में आ गए.
हादसे के कारणों की जांच शुरू
डिप्टी एसपी घनश्याम मीणा ने बताया कि मौके पर जेसीबी मशीन मौजूद थी और करीब 10 मिनट के भीतर दोनों इंजीनियरों को बाहर निकाल लिया गया था, लेकिन भारी मात्रा में मिट्टी गिरने के कारण हादसा जानलेवा साबित हुआ.
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं. मौके पर एसडीएम, डिप्टी एसपी घनश्याम मीणा, रामगंजमंडी तहसीलदार नेहा वर्मा सहित रामगंजमंडी, मोड़क, चेचट और सुकेत थाना पुलिस मौजूद रही. देर रात तक राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा. फिलहाल प्रशासन और पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है.