scorecardresearch
 

राजस्थान में SIR के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी, 31.36 लाख नाम हटे

राजस्थान निर्वाचन विभाग ने 199 विधानसभा सीटों के लिए SIR पूरी कर फाइनल मतदाता सूची जारी की है. इसके बाद कुल 31.36 लाख मतदाताओं के नाम हटाए गए, लेकिन कुल मतदाताओं की संख्या 5 करोड़ 15 लाख 19 हजार 929 हो गई, जो ड्राफ्ट सूची की तुलना में 10.48 लाख अधिक है. जोधपुर में 2 लाख से अधिक नाम हटाए गए.

Advertisement
X
जोधपुर में 2 लाख से ज्यादा नाम कटे (Photo: ITG)
जोधपुर में 2 लाख से ज्यादा नाम कटे (Photo: ITG)

राजस्थान में निर्वाचन विभाग ने 199 विधानसभा सीटों के लिए स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के बाद फाइनल मतदाता सूची जारी कर दी है. इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद प्रदेश में कुल 31 लाख 36 हजार 286 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं. हालांकि, 16 दिसंबर को जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट की तुलना में 10.48 लाख मतदाता बढ़े हैं. ड्राफ्ट लिस्ट के समय कुल 41.84 लाख मतदाताओं के नाम काटे गए थे.

चुनाव आयोग के अनुसार, ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद 12.91 लाख नए मतदाताओं को जोड़ा गया, जबकि 2.42 लाख मतदाताओं के नाम हटाए गए. एसआईआर की फाइनल वोटर लिस्ट के अनुसार अब प्रदेश में कुल 5 करोड़ 15 लाख 19 हजार 929 मतदाता हैं. वहीं, 27 अक्टूबर 2025 को एसआईआर शुरू होने से पहले मतदाताओं की कुल संख्या 5 करोड़ 46 लाख 56 हजार 215 थी.

जोधपुर जिले में एसआईआर के तहत 2 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम काटे गए. सबसे अधिक नाम पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सरदारपुरा विधानसभा क्षेत्र में हटाए गए, जबकि ओसियां विधानसभा में सबसे कम नाम कटे. इसके विपरीत, पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत की विधानसभा सीट पर 9 हजार से अधिक नए मतदाता जुड़े.

फाइनल वोटर लिस्ट में लिंगानुपात में दो अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. ड्राफ्ट सूची के समय प्रति 1000 पुरुष मतदाताओं पर महिलाओं की संख्या 909 थी, जो अब बढ़कर 911 हो गई है. जिलावार स्थिति देखें तो जयपुर जिले में 7 अंकों और कोटा जिले में 6 अंकों की बढ़ोतरी हुई है. इसके अलावा अजमेर, सिरोही, डूंगरपुर, बूंदी, झालावाड़ और बारां जिलों में लिंगानुपात 4 अंकों तक बेहतर हुआ है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: राजस्थान में दर्दनाक हादसा! क्लासरूम में गिरा ब्लैकबोर्ड, दबने से 6 वर्षीय छात्रा की मौत

ड्राफ्ट के बाद फाइनल सूची में 18 से 19 साल आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या में 4,35,061 की बढ़ोतरी हुई है, जो कुल मतदाताओं का 0.82 प्रतिशत है. युवा मतदाताओं की सबसे अधिक बढ़ोतरी जयपुर (1.30%), बाड़मेर (1.26%), भरतपुर (1.22%), फलौदी (1.18%) और बूंदी (1.09%) जिलों में दर्ज की गई है.

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी. इच्छुक नागरिक बीएलओ के पास फॉर्म भरकर या फॉर्म-6 के माध्यम से अपना नाम जुड़वा सकते हैं. इसके अलावा निर्वाचन आयोग के वोटर पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है.

वहीं, अंता विधानसभा सीट पर एसआईआर की फाइनल वोटर लिस्ट का प्रकाशन 12 मार्च को किया जाएगा. उपचुनाव के कारण यहां एसआईआर की प्रक्रिया देरी से शुरू हुई थी. फिलहाल प्रदेश की शेष 199 विधानसभा सीटों की फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement