राजस्थान के धौलपुर जिले में 32 वर्षीय एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया. मनियां थाना क्षेत्र के कलुआ पुरा गांव में शुक्रवार को महिला का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मनियां अस्पताल के शवगृह में रखवाया.
मृतका की पहचान विरमा के रूप में हुई है. मायके पक्ष के लोगों के आने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया. मृतका के पिता ने अपने दामाद पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है. पिता का आरोप है कि पति के किसी दूसरी महिला से अवैध संबंध थे और इसी वजह से वह उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित करता था.
यह भी पढ़ें: एक दिन, 3 हादसे और 5 मौतें... धौलपुर में सड़क दुर्घटनाओं ने मचाई तबाही, 20 से ज्यादा घायल
पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति सुखवीर और उसके परिजनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है. पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराया है. अब मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
14 साल पहले हुई थी शादी, तीन बच्चों की मां थी विरमा
मृतका के पिता रामभरोसी पुत्र छोटेलाल कुशवाहा ने मनियां थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि करीब 14 साल पहले उनकी बेटी 32 वर्षीय विरमा की शादी कलुआ पुरा गांव निवासी सुखवीर पुत्र जगना कुशवाह से हुई थी.
शादी के बाद विरमा ने दो बेटों और एक बेटी को जन्म दिया. पिता का आरोप है कि इसके बाद सुखवीर उनकी बेटी के साथ आए दिन मारपीट और प्रताड़ना करने लगा. वह उसे घर से निकालने की धमकी भी देता था. शिकायत में इसकी वजह पति के किसी दूसरी महिला से कथित अवैध संबंधों को बताया गया है.
रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरी महिला से कथित संबंधों को लेकर परिवार की ओर से सुखवीर को कई बार समझाने की कोशिश भी की गई, लेकिन वह नहीं माना. मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि इसी वजह से उनकी बेटी को लगातार परेशान किया जाता रहा.
पिता का आरोप- गला दबाकर की बेटी की हत्या
मृतका के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि सुखवीर ने बीती रात उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद शव को फंदे से लटका दिया गया. हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी. पुलिस ने मामले को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
रिपोर्ट में मृतका की दूसरी बेटी शकुंतला का भी जिक्र किया गया है. पिता के मुताबिक, शकुंतला की शादी भी इसी गांव के रहने वाले बबलू कुशवाह के साथ हुई है. उन्होंने पुलिस को बताया कि शकुंतला को इस घटना की पूरी जानकारी है.
मृतका के पिता ने पति सुखवीर और उसके परिजनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है. शिकायत के बाद पुलिस अब घटनास्थल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है.
पुलिस बोली- हत्या के आरोप में मामला दर्ज, जांच जारी
मामले को लेकर मनियां थाना एसएचओ अनिल गौतम ने बताया कि कलुआ पुरा गांव में विवाहिता विरमा पत्नी सुखवीर कुशवाह के फांसी लगाने की सूचना मिली थी. सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया.
एसएचओ के मुताबिक, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है. शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया है. पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी.