राजस्थान के अलवर-जयपुर सड़क मार्ग पर बीती रात रफ्तार और बेकाबू हालात के चलते एक बेहद अनोखा और अफरा-तफरी से भरा हादसा सामने आया है. एक नीलगाय को बचाने के प्रयास में सरसों के तेल से भरा एक बड़ा टैंकर सड़क किनारे पलट गया. हादसे के बाद जहां एक तरफ गंभीर रूप से घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया गया, वहीं दूसरी तरफ खेतों में बहे तेल को समेटने के लिए ग्रामीणों में होड़ मच गई.
यह हादसा अलवर-जयपुर सड़क मार्ग पर शुक्रवार शाम को नटनी के बारा से करीब 500 मीटर आगे जयपुर रोड पर घटित हुआ. बताया जा रहा है कि एक टैंकर कच्ची घानी सरसों का तेल लेकर जयपुर से अलवर की ओर आ रहा था. तभी अचानक टैंकर के सामने एक नीलगाय आ गई.
तेज रफ्तार टैंकर के चालक ने नीलगाय की जान बचाने के लिए जैसे ही गाड़ी को अचानक मोड़ा, टैंकर अपना संतुलन खो बैठा. अनियंत्रित होकर टैंकर सड़क किनारे खेतों की तरफ पलट गया.
टैंकर के पलटते ही उसमें भरा सरसों का तेल सड़क और आसपास के खेतों में फैल गया. देखते ही देखते क्षेत्र में तेल फैलने की खबर आग की तरह फैल गई. बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने घरों से बाल्टी, डिब्बे और अन्य बर्तन लेकर मौके पर पहुंच गए और खेतों में फैले तेल को भरते नजर आए. देखें VIDEO:-
घटनास्थल के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें लोग खेतों और सड़क किनारे जमा तेल को बर्तनों में भरते दिखाई दे रहे हैं. हादसे के चलते कुछ समय तक मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. हादसे में बूंदी निवासी टैंकर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया.
हादसे कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. चालक को अकबरपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है. बताया जा रहा है कि टैंकर जयपुर से अलवर की ओर आ रहा था. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.