देश में हाल के दिनों में पति-पत्नी और तीसरे व्यक्ति से जुड़े चर्चित हत्या मामलों के बीच ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले से भी ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक महिला और उसके पुरुष मित्र को महिला के पति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद दोनों ने शव को खेत में फेंककर मामले को छिपाने की भी कोशिश की.
यह घटना झारसुगुड़ा जिले के रेंगाली थाना क्षेत्र के टुंगुरीपाड़ा गांव की है. मृतक की पहचान शक्तिधर साहू के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात किसी अज्ञात कारण को लेकर शक्तिधर साहू और उनकी पत्नी गीता मिर्धा के बीच तीखी कहासुनी हुई. उस समय गीता का पुरुष मित्र टिकिनू किसान भी वहां मौजूद था.
पत्नी के साथ हो रही बहस से नाराज होकर टिकिनू किसान की भी शक्तिधर से हाथापाई हो गई. इस दौरान शक्तिधर जमीन पर गिर पड़े. आरोप है कि इसके बाद गीता मिर्धा ने लकड़ी के डंडे से उनके सिर पर जोरदार हमला कर दिया.
बताया जा रहा है कि सिर पर लगी गंभीर चोट के कारण शक्तिधर की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या के बाद गीता और टिकिनू ने मिलकर शव को वहां से उठाया और गांव के एक खेत में फेंक दिया, ताकि किसी को घटना की जानकारी न हो सके. बाद में स्थानीय लोगों से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया और मामले की जांच शुरू की गई.
जांच के दौरान पुलिस को ऐसे सबूत मिले, जिनके आधार पर गीता मिर्धा और टिकिनू किसान की कथित भूमिका सामने आई. इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दिया. फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर हत्या के पीछे मुख्य वजह क्या थी.