ओडिशा के गंजाम जिले के ब्रह्मपुर से सामने आए इस मामले ने लोगों को झकझोर दिया है. यहां एक लड़की ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली. फिलहाल उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस का कहना है कि लड़की ने अपने बयान में अपने पिता पर लंबे समय तक यौन शोषण करने के गंभीर आरोप लगाए हैं. जांच के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया.
दरअसल, पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने कथित तौर पर लगातार हो रहे यौन उत्पीड़न से परेशान होकर अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली थी. इसके बाद गंभीर रूप से झुलसी लड़की को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस मामले को लेकर गंजाम के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक जेना ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में स्वतः संज्ञान लेकर केस दर्ज किया था.
यह भी पढ़ें: फोटो दिखाकर सौदा, ₹1500 में घंटेभर के लिए बेच देते... 13 साल की मासूम से गैंगरेप में खुलासा, अब तक 19 अरेस्ट
इसके बाद पीड़िता के बयान और जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के मुताबिक, जांच में पिता और बेटी के बीच हुई कुछ चैट भी मिली हैं, जिन्हें अहम सबूत माना जा रहा है. इन्हीं चैट और अन्य सबूतों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है.
पीड़िता ने पुलिस को यह भी बताया कि उसका पिता उस पर दूसरे लोगों के साथ भी संबंध बनाने का दबाव डालता था. इसके अलावा, जब उसने पूरे मामले का खुलासा करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसके एजुकेशनल सर्टिफिकेट अपने पास रख लिए, ताकि वह उसके खिलाफ कदम न उठा सके. पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है.
जांच के दौरान कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं. हालांकि पुलिस का कहना है कि उनकी भूमिका को वेरिफाई किया जा रहा है और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. एएसपी आलोक जेना ने कहा कि तकनीकी और दस्तावेजी सबूतों की जांच जारी है. अगर किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी एक्शन लिया जाएगा.