scorecardresearch
 

फ्री में शराब नहीं मिलने पर बीजेपी नेता के पति की दबंगई, सेल्समैन को गाड़ी से कुचलने की कोशिश, वीडियो वायरल

सतना जिले में बीजेपी नेता और जिला पंचायत सदस्य पति पर शराब न मिलने पर शराब दुकान के सेल्समैन पर हमला करने और गाड़ी से कुचलने का प्रयास करने का आरोप लगा है. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की बात कही है.

Advertisement
X
सतना में भाजपा नेता पति की दबंगई. (Photo: Venkatesh Dwivedi/ITG)
सतना में भाजपा नेता पति की दबंगई. (Photo: Venkatesh Dwivedi/ITG)

मध्य प्रदेश के सतना जिले में कानून व्यवस्था और राजनीतिक रसूख को लेकर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. रामपुर बाघेलान क्षेत्र के बाईपास स्थित एक शराब दुकान पर जिला पंचायत सदस्य एकता सिंह के पति और बीजेरी नेता अनूप सिंह उर्फ अन्नू मतहा पर गंभीर आरोप लगे हैं. आरोप है कि शराब न मिलने पर उन्होंने दुकान के सेल्समैन के साथ मारपीट की और गाड़ी से कुचलने का प्रयास किया. घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार अनूप सिंह अपने बेटे श्रेयस के साथ शराब दुकान पर पहुंचे थे. आरोप है कि वो वहां सिर्फ अपने राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल करते हुए मुफ्त में शराब लेने पहुंचे थे. जब दुकान के कर्मचारियों ने मुफ्त शराब देने से इनकार किया तो विवाद बढ़ गया. 

इसके बाद देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया. आरोप है कि अनूप सिंह और उनके साथियों ने सेल्समैन के साथ गाली गलौज और हाथापाई शुरू कर दी. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दुकान परिसर में अफरा तफरी मच गई और मौजूद लोग सहम गए. सबसे गंभीर आरोप यह है कि इस दौरान अनूप सिंह ने अपनी सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी को जानबूझकर कर्मचारियों की तरफ कई बार आगे पीछे किया. आरोप है कि उन्होंने सेल्समैन को गाड़ी से कुचलने और जान से मारने की कोशिश की. इस घटना में दुकान के बाहर खड़ी कुछ मोटरसाइकिलें भी क्षतिग्रस्त हो गईं.

दुकान के सेल्मैन के साथ मारपीट

पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय स्तर पर लोग इस घटना को राजनीतिक दबाव और दबंगई से जोड़कर देख रहे हैं. स्थानीय सूत्रों के अनुसार अनूप सिंह का आपराधिक इतिहास भी रहा है. बताया जा रहा है कि वह रामपुर बाघेलान क्षेत्र में पहले भी विवादित मामलों में शामिल रहे हैं. उनके बेटे श्रेयस पर भी हाल ही में एक व्यक्ति पर चाकू से हमला करने का आरोप लगा था, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था.

Advertisement

इसके बावजूद इस ताजा घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है. शराब ठेकेदार की ओर से इस मामले में पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है. शिकायत में पूरी घटना का जिक्र करते हुए कार्रवाई की मांग की गई है. हालांकि आरोप यह भी लगाए जा रहे हैं कि राजनीतिक रसूख के कारण अब तक सख्त कार्रवाई नहीं हुई है. घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोग पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठा रहे हैं.

वहीं इस पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है. सतना के एएसपी प्रेम लाल कुर्वे ने बयान देते हुए कहा कि फरियादी की रिपोर्ट पर संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है और जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि जो भी साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

एएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि यह मामला जांच के अधीन है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. पुलिस के अनुसार फरियादी अजीत सिंह हैं और आरोपी के रूप में अमित सिंह का नाम दर्ज किया गया है. फिलहाल पूरे मामले में वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है. पुलिस जांच जारी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement