scorecardresearch
 

MP के राजगढ़ में भीषण अग्निकांड: पचोर के पेट्रोल पंप पर भड़की आग, टैंकर को भी लिया चपेट में; 11 लोग झुलसे

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के पचोर में सोमवार रात एक पेट्रोल पंप पर लगी भीषण आग ने पूरे शहर में दहशत फैला दी. इस हादसे में 11 लोग झुलस गए हैं और करोड़ों की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है.

Advertisement
X
पेट्रोल पंप पर लगी आग ने लिया विकराल रूप.(Photo:Screengrab)
पेट्रोल पंप पर लगी आग ने लिया विकराल रूप.(Photo:Screengrab)

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के पचोर कस्बे में सोमवार रात एक बड़ा हादसा हुआ. शहर के व्यस्त इलाके में स्थित 'चुन्नीलाल मुन्नालाल भारत पेट्रोलियम' पंप पर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. आग इतनी तेजी से फैली कि वहां खड़ा ईंधन से भरा टैंकर भी आग के गोले में तब्दील हो गया.

चश्मदीदों के अनुसार, घटना रात करीब 8:30 बजे की है. अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. पेट्रोल पंप पर खड़ा ईंधन से भरा टैंकर आग की चपेट में आने से स्थिति और भी भयावह हो गई. धमाकों के डर से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे.

11 लोग झुलसे
इस भीषण आग की चपेट में आने से 11 लोग झुलस गए हैं. सभी घायलों को तुरंत एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों के मुताबिक, घायलों में एक व्यक्ति की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है.

मुस्तैदी और राहत कार्य
आग की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीमें अलर्ट मोड पर आ गईं. दमकल की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. एहतियात के तौर पर SDM रोहित बमोरे, थाना प्रभारी शकुंतला बामनिया और सीएमओ दीपक रानवे ने मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके को खाली कराया और बिजली सप्लाई बंद करवाई. प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या टैंकर से पेट्रोल खाली करते समय किसी लापरवाही के कारण. देखें VIDEO:- 

Advertisement

चश्मदीदों की जुबानी
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि उन्हें कई किमी दूर से देखा जा सकता था. धुएं के काले गुबार ने पूरे आसमान को ढक लिया था. गनीमत रही कि टैंकर में बड़ा विस्फोट नहीं हुआ, अन्यथा रिहायशी इलाका होने के कारण भारी जान-माल का नुकसान हो सकता था.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement