
मध्य प्रदेश के श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क से एक बार फिर बड़ी खुशखबरी सामने आई है. मादा चीता ज्वाला की बेटी 32 महीने की मादा चीता KJP21 ने पांच स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है. शावकों के जन्म के साथ ही अब देश में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 60 हो गई है. इनमें 41 चीते भारत में जन्मे हैं.
KJP21 भारत में जन्मी और यहीं शावकों को जन्म देने वाली तीसरी मादा चीता है. इससे पहले मुखी और KGP12 भी भारत में शावकों को जन्म दे चुकी हैं. कूनो में लगातार हो रहे चीता प्रजनन से देश में चीता आबादी बढ़ने की उम्मीदें मजबूत हुई हैं. केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी शेयर की.
KJP21 के पांचों शावकों के पिता बोत्सवाना से भारत लाया गया नर चीता है. शावकों के जन्म के साथ भारत में बोत्सवाना मूल के चीतों की वंशपरंपरा शुरू हुई है. इससे देश में बढ़ रही चीता आबादी की आनुवंशिक विविधता बढ़ने की उम्मीद है.

कूनो पार्क में जन्मे इन शावकों को भारत में चीता पुनर्स्थापना अभियान की अगली पीढ़ी के रूप में देखा जा रहा है. अफ्रीकी देशों से भारत लाए गए चीतों से अब देश में ही नई पीढ़ी तैयार हो रही है. इसे भारत में चीतों को दोबारा स्थापित करने की दिशा में अहम उपलब्धि माना जा रहा है.
शावकों के जन्म के बाद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने प्रोजेक्ट चीता से जुड़े पशु चिकित्सकों, वन अधिकारियों, मैदानी अमले, प्रबंधन टीम तथा सभी सहयोगियों को बधाई दी गई है. उनके समर्पण, प्रतिबद्धता और अथक प्रयासों से भारत में चीता पुनर्स्थापना की यह यात्रा निरंतर आगे बढ़ रही है. देखें VIDEO:-
प्रोजेक्ट चीता के फील्ड डायरेक्टर उत्तम कुमार शर्मा ने बताया कि कूनो पार्क में भारत में जन्मी चीता KJP 21 ने आज 5 शावकों को जन्म दिया है,सभी शावक स्वस्थ्य हैं. कूनों के डॉक्टरों की टीम उसकी निगरानी कर रही है.
बहरहाल नन्हें मेहमानों के आगमन से कूनो की धरती पर एक बार फिर प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण की नई उम्मीद ने जन्म लिया है.