मध्य प्रदेश के देवास जिले के टोंककला स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया है. यह कार्रवाई गंभीर लापरवाही, उदासीनता और अनियमितता बरतने के आरोप में की गई है.
टोंकखुर्द एसडीएम संजीव सक्सेना और टप्पा चिड़ावद के नायब तहसीलदार रवि शर्मा को निलंबित कर दिया गया है. वहीं गृह विभाग ने सोनकच्छ एसडीओपी दीपा मांडवे को भी घोर लापरवाही के चलते निलंबित किया है. इसके अलावा देवास पुलिस अधीक्षक ने टोंककला चौकी प्रभारी रमनदीप हुंडल को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
अब तक 6 की मौत, 10 मजदूर घायल
गौरतलब है कि गुरुवार सुबह टोंककला स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में अब तक 6 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जबकि करीब 10 मजदूर गंभीर रूप से झुलसे हैं. घायलों का इलाज देवास और इंदौर के अस्पतालों में चल रहा है.
घटना की गंभीरता को देखते हुए संभागायुक्त पहले ही मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे चुके हैं. वहीं राज्य सरकार ने शुक्रवार रात एक सदस्यीय न्यायिक जांच आयोग गठित करने के आदेश जारी किए. उच्च न्यायालय के रिटायर जज सुभाष काकड़े को आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जो एक माह के भीतर अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपेंगे.
प्रशासनिक स्तर पर हुई इस कार्रवाई के बाद पूरे मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है. विस्फोट ने इलाके में दहशत फैला दी थी और सुरक्षा मानकों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.