मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है. देहात थाना क्षेत्र के ईसागढ़ रोड पर महाना गांव के पास स्थित टोल नाके के निकट एक कार से युवक और युवती के शव बरामद हुए हैं. पुलिस को जांच करने पर एक सुसाइड नोट सहित कई घातक हथियार मिले हैं.
एसपी राजीव मिश्रा ने बताया कि मृतकों की पहचान ऋतिक सोनी व मुस्कान जैन के रूप में हुई है. पुलिस ने मोबाइल लोकेशन से दोनों का पता लगाया. बुधवार रात से दोनों से बात नहीं हो पा रही थी. परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद हमने छानबीन शुरू की.
सूचना और मोबाइल लोकेशन से टोल रोड के पास एक कार की जांच करने पर कार के अंदर दो के शव होने की सूचना मिली. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवती के गले पर कटे हुए घाव व शरीर पर कुछ चोट के निशान मिले, जबकि युवक के सिर में गोली लगने का घाव और शरीर के कुछ हिस्से आग से जले हुए मिले. कार के अंदर एक पिस्टल, कुल्हाड़ी, कटर और सल्फास भी बरामद हुई.
परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला है. उन्होंने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है.
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, युवक ऋतिक सोनी और युवती मुस्कान जैन बुधवार शाम घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक लौटे नहीं. इसके बाद परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी थी.
यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा आत्मघाती कदम है, सुसाइड नोट से ऐसा ही प्रतीत होता है. फिलहाल एसपी ने पुलिस की 6 सदस्यीय टीम बना कर जांच शुरू करवा दी है.