Washing Machine Laundry Tips: आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग के पास हाथ से कपड़े धोने का समय नहीं होता है. ऐसे में ज्यादातर घरों में कपड़े धोने के लिए वॉशिंग मशीन और लिक्विड डिटर्जेंट का इस्तेमाल होता है. महंगे-महंगे लिक्विड डिटर्जेंट और हाई-टेक वॉशिंग मशीन इस्तेमाल करने के बाद भी कई बार कपड़ों पर दाग रह जाते हैं, बदबू नहीं जाती और इसके साथ ही कपड़े फीके भी दिखने लगते हैं. अगर पैसे खर्च करने के बाद भी आपको मनचाहा रिजल्ट नहीं मिलता है तो परेशान न हों. कुछ आसान घरेलू चीजों की मदद से आप अपने कपड़ों को साफ, खुशबूदार और चमकदार बना सकते हैं.
अगर आप लिक्विड डिटर्जेंट के साथ सही मात्रा में घर में रखी 2 सस्ती चीजें मिलाकर इस्तेमाल करें, तो कपड़ों की सफाई बेहतर हो सकती है और मशीन में जमा गंदगी भी कम होती है. चलिए जानते हैं कौन सी हैं वो चीजें.
1. बेकिंग सोडा: घर में रखी पहली चीज जो लिक्विड डिटर्जेंट में मिलकर आपके कपड़ों को चमका सकती है, वो बेकिंग सोडा है. बेकिंग सोडा सिर्फ खाने या किचन के काम नहीं आता, बल्कि कपड़े साफ करने में भी काफी मददगार माना जाता है. ये कपड़ों में जमी गंदगी, पसीने की बदबू और हल्के दाग हटाने में मदद करता है.
इसके इस्तेमाल से डिटर्जेंट भी ज्यादा अच्छे से काम करता है और कपड़ों की सफाई बेहतर हो सकती है. खासकर सफेद कपड़ों की चमक बनाए रखने में यह काफी असरदार माना जाता है.
किस तरह करें इस्तेमाल: सबसे पहले वॉशिंग मशीन में कपड़े डालें. अब डिटर्जेंट लिक्विड के साथ 1-2 चम्मच बेकिंग सोडा डाल दें. फिर जैसे मशीन चलाते हैं वैसे चलाकर कपड़ों को धुलने दें.
2. सफेद सिरका: सफेद सिरका कपड़ों की बदबू कम करने और उन्हें मुलायम बनाने में मदद करता है. ये कपड़ों पर जमी डिटर्जेंट की परत को हटाने में भी असरदार माना जाता है. इसका इस्तेमाल करने से कपड़े ज्यादा फ्रेश महसूस होते हैं और हल्के रंग के कपड़ों की चमक भी वापस आ सकती है.
कैसे करें इस्तेमाल: अगर आप सिरके को सीधे डिटर्जेंट में मिक्स की सोच रहे हैं, तो ये गलती न करें. इसे मशीन के रिंस या फैब्रिक सॉफ्टनर सेक्शन में डालें. आधा कप सफेद सिरका काफी होता है. बाकी सारा प्रोसेस नॉर्मल है.
पुराने कपड़े भी लग सकते हैं नए जैसे
जब लिक्विड डिटर्जेंट, बेकिंग सोडा और सफेद सिरका सही मात्रा में इस्तेमाल किए जाते हैं, तो कपड़ों की सफाई ज्यादा अच्छी हो सकती है. इससे जिद्दी दाग हल्के पड़ सकते हैं और कपड़े लंबे समय तक फ्रेश बने रहते हैं. कई लोग इस ट्रिक का इस्तेमाल सफेद कपड़ों, स्कूल यूनिफॉर्म और रोजाना पहनने वाले कपड़ों के लिए करते हैं. हालांकि, जरूरत से ज्यादा सिरका या डिटर्जेंट इस्तेमाल न करें. इससे कपड़े खराब भी हो सकते हैं.