DIY Skin Care Tips: बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक अपनी धाक जमाने वाली प्रियंका चोपड़ा अपनी ग्लोइंग स्किन के लिए भी जानी जाती हैं. उनकी इस स्किन का सीक्रेट महंगे प्रोडक्ट्स नहीं बल्कि उनकी मां का देसी नुस्खा भी है. प्रियंका की मां डॉ. मधु चोपड़ा ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर उस पारंपरिक नुस्खे का खुलासा किया है, जिसे वह और उनकी बेटी सालों से इस्तेमाल कर रही हैं. डॉ. मधु का दावा है कि उन्होंने आज तक अपने चेहरे पर साबुन या फेस वॉश का भी इस्तेमाल नहीं किया. तो आइए उनकी उस देसी नुस्खे के बारे में जान लीजिए.
डॉ. मधु चोपड़ा ने सोशल मीडिया पर अपनी स्किन केयर रूटीन शेयर करते हुए बताया कि उनकी उम्र के इस पड़ाव पर स्किन का हेल्दी और पिगमेंटेशन फ्री रहने का कारण एक खास उबटन है जो वह हमेशा से लगाती आ रही हैं. खास बात यह है कि प्रियंका भी अपनी त्वचा की देखभाल के लिए इसी घरेलू उबटन पर भरोसा करती हैं.
डॉ. मधु के मुताबिक, इस उबटन को बनाना काफी आसान है क्योंकि इसे बनाने के लिए किसी फैंसी या महंगी चीज की भी जरूरत नहीं है. सबसे पहले एक कटोरी में 2 चम्मच बेसन लें. उनकी स्किन ड्राई है तो वो बेसन में 2 चम्मच मलाई और 2 चम्मच दही भी मिलाती हैं. इसके बाद उसमें एक चुटकी हल्दी और थोड़ा सा ठंडा दूध डालती हैं. फिर उसे अच्छे से फेंट लेती हैं, देसी उबटन तैयार है.
मधु चोपड़ा बताती हैं कि इस पैक को चेहरे पर लगाकर 15 से 20 मिनट के लिए छोड़ देना चाहिए. जब यह सूख जाए, तो इसे हल्के हाथों से रगड़ते हुए साफ पानी से धो लें. हालांकि, उन्होंने एक जरूरी सलाह भी दी है कि इस पैक को आंखों के नीचे की नाजुक त्वचा पर कभी न लगाएं.
आंखों के आसपास की स्किन काफी पतली होती है इसलिए वहां रगड़ने या पैक लगाने से बचना चाहिए. इस उबटन के नियमित इस्तेमाल से थकी हुई स्किन फिर से तरोताजा दिखने लगती है.
यदि किसी को स्किन एलर्जी है तो वो बेसन की जगह गेहूं का आटा भी लेकर सकते हैं. वहीं यदि हल्दी सूट नहीं करती है तो नींबू का रस भी मिला सकते हैं. पूरे चेहरे पर उबटन लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें. डॉ. मधु का कहना है कि बेहतर नतीजों के लिए इस पैक को हफ्ते के सातों दिन भी लगाया जा सकता है.