How to Make Matka Kulfi at home: भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप में ठंडी-ठंडी कुल्फी सुकून और स्वाद दोनों देती है. वैसे तो बाजार में कई फ्लेवर्स की आइसक्रीम मिलती है लेकिन जो बात मिट्टी के छोटे मटकों में जमी मटका कुल्फी में है, वो कहीं और नहीं.
अक्सर लोगों को लगता है कि घर में कुल्फी बनाने पर उसमें बर्फ जम जाती है या वो उतनी मलाईदार नहीं बनती. लेकिन आज हम आपको एक ऐसी पारंपरिक तरीका बताएंगे जिससे आपकी कुल्फी बिल्कुल वैसी ही दानेदार और लजीज बनेगी जैसी किसी मशहूर कुल्फी वाले के यहां मिलती है.
इसे बनाने के लिए आपको चाहिए होंगी ये चीजें
फुल क्रीम दूध: 1.5 लीटर
चीनी: ½ कप (स्वादानुसार)
इलायची पाउडर: 1 छोटा चम्मच
केसर के धागे: 8-10 (2 चम्मच गर्म दूध में भिगोए हुए)
मलाई (घर की): ½ कप (एक्स्ट्रा रिचनेस के लिए)
ड्राई फ्रूट्स: बारीक कटे हुए बादाम और पिस्ता (2 बड़े चम्मच)
बनाने का तरीका
एक भारी तले की कड़ाही में दूध डालें और इसे तेज आंच पर उबालें.
जब दूध उबलने लगे तो आंच धीमी कर दें और इसे तब तक पकाएं जब तक यह घटकर अपनी मात्रा का एक-तिहाई न रह जाए. किनारों पर जमी मलाई को खुरचकर दूध में ही मिलाते रहें.
जब दूध गाढ़ा और थोड़ा रबड़ी जैसा दिखने लगे तो इसमें चीनी और केसर वाला दूध डाल दें. चीनी घुलने तक 5 मिनट और पकाएं.
अब इसमें इलायची पाउडर और आधे ड्राई फ्रूट्स डालकर गैस बंद कर दें.
मिश्रण को पूरी तरह ठंडा होने दें. फिर इसमें घर की ताजी मलाई डालकर एक बार हल्के हाथ से व्हिस्क करें. इससे कुल्फी सुपर क्रीमी बनेगी.
अब इस मिश्रण को छोटे मिट्टी के छोटे मटकों, कुल्हड़ या कुल्फी मोल्ड में भरें. ऊपर से बचे हुए ड्राई फ्रूट्स डालें.
मटकों को एल्युमीनियम फॉयल से कवर कर दें ताकि बर्फ के क्रिस्टल्स न जम पाएं.
इसे 7-8 घंटे या रात भर के लिए डीप फ्रीजर में रख दें. आपकी मलाईदार मटका कुल्फी तैयार है.