How To Use Overripe Tomatoes: रसोई में ऐसी बहुत सी सब्जियां हैं, जिनका इस्तेमाल लगभग हर रोज और हर डिश में होता है. इन्हीं में से एक टमाटर भी हैं. ऐसे में लोग अच्छी खासी मात्रा में लाल-लाल और रसीले टमाटर खरीद लाते हैं. इसके बाद इन्हें फ्रिज में स्टोर कर देते हैं. लेकिन फ्रिज के किसी कोने या टोकरी के नीचे दबे रहने के कारण दो-तीन दिन में ही वो पिलपिले और बेहद सॉफ्ट हो जाते हैं. जब टमाटर हाथ लगाने पर पिचकने लगें, तो मन में पहला ख्याल यही आता है कि अब ये खराब हो गए हैं, इन्हें फेंक देना ही बेहतर है.
लेकिन रुकिए! जिन्हें आप सड़े-गले और कचरा समझकर फेंकने जा रहे हैं, असल में वो खजाना बन सकते हैं. दरअसल, ज्यादा पके हुए टमाटरों में मिठास और रस की मात्रा सामान्य से कहीं ज्यादा होती है, बस उन्हें इस्तेमाल करने का तरीका थोड़ा अलग होता है. आज हम आपको वो 3 ट्रिक्स बताने वाले हैं, जिनकी मदद से आप इन टमाटरों को न केवल फेंकने से बचा लेंगे, बल्कि अपने घर के कई काम भी आसान कर लेंगे. चलिए जानते हैं.
1. खराब टमाटर से उगाएं नए पौधे:
अगर टमाटर बहुत पिलपिला हो गया है, तो उसे फेंकने की बजाय आप उसका इस्तेमाल करके नए पौधे उगा सकते हैं. ऐसा करने के लिए आपको टमाटर को पतली-पतली स्लाइस में काटना होगा. इसके बाद एक गमले में ढीली मिट्टी भरकर इन स्लाइस को ऊपर रख दें. फिर ऊपर से हल्की मिट्टी की परत डालकर ढक दें और रोज थोड़ा-सा पानी देते रहें. आप देखेंगे कि करीब 7–10 दिनों में छोटे-छोटे पौधे निकलने लगेंगे और कुछ ही समय में आप घर पर ताजे टमाटर उगा सकते हैं.
2. घर पर बनाएं नेचुरल खाद:
खराब टमाटर आपके घर में लगे पौधों के लिए बेहतरीन खाद बन सकते हैं. ये नेचुरल फर्टिलाइजर की तरह काम करेंगे. इसके लिए टमाटर को छोटे टुकड़ों में काटकर एक प्लास्टिक बोतल में डालें और उसमें चावल का पानी या सादा पानी मिला दें. अब इस बोतल को 5–7 दिनों के लिए बंद करके रखें, लेकिन रोज एक बार ढक्कन खोलकर गैस बाहर जरूर निकाल दें. जब ये तैयार हो जाए तो इसे छान लें. इस्तेमाल करने से पहले 1 हिस्सा घोल में 5 हिस्सा पानी मिलाकर पौधों में डालें. इससे पौधे तेजी से हरे-भरे और मजबूत बनते हैं.
3. बर्तन की चिकनाई हटाने में करें इस्तेमाल:
टमाटर का इस्तेमाल आप किचन की सफाई में भी कर सकते हैं. इसमें एसिड होता है, जिसकी वजह से बर्तनों पर जमी जिद्दी से जिद्दी चिकनाई भी आसानी से निकल जाती है.
बर्तन साफ करने के लिए टमाटर का जो कम खराब हिस्सा हो वो लें और उसे सीधे तवे या कढ़ाई पर रगड़ें. इसके बाद गुनगुने पानी से धो लें. टमाटर में मौजूद नेचुरल एसिड तेल और जमी हुई चिकनाई को आसानी से हटा देगा, जिससे बर्तन साफ और चमकदार हो जाते हैं.